Page Loader
गुजरात में कांस्टेबल के 10,000 से भी अधिक पदों पर भर्ती, ऐसे करें आवेदन
गुजरात में कांस्टेबल भर्ती

गुजरात में कांस्टेबल के 10,000 से भी अधिक पदों पर भर्ती, ऐसे करें आवेदन

लेखन तौसीफ
Oct 25, 2021
09:59 am

क्या है खबर?

गुजरात में सरकारी नौकरी का सपना देखने वाले उम्मीदवारों के लिए गुजरात लोकरक्षक भर्ती बोर्ड (LRB) ने बड़ी सौगात दी है। गुजरात लोकरक्षक भर्ती बोर्ड ने गुजरात पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती के लिए 10,459 रिक्तियां जारी की है। यह भर्ती अनआर्म्ड पुलिस कांस्टेबल, आर्म्ड पुलिस कांस्टेबल और SRPF कांस्टेबल के पदों के लिए जारी की गई है। उम्मीदवार 9 नवंबर, 2021 को रात 11:59 बजे तक अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रक्रिया

फिजिकल टेस्ट के बाद सीधे लिखित परीक्षा में भाग ले सकेंगे उम्मीदवार

गुजरात सरकार द्वारा पुलिस और LRD भर्ती के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेने के साथ ही राज्य सरकार ने उम्मीदवारों की मांग को स्वीकार कर लिया है। जिसकी वजह से उम्मीदवारों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। राज्य सरकार के विभाग ने पुलिस और LRD की सीधी भर्ती में 15 और 8 गुणा का निर्णय बदल दिया है। जिसकी वजह से फिजिकल टेस्ट पास करने के बाद सीधे लिखित परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा।

रिक्तियां

किस विभाग में कितनी रिक्तियां निकाली हैं?

राज्य सरकार द्वारा कुल पदों की संख्या 10,459 रखी गयी है। इनमें अनआर्म्ड पुलिस कांस्टेबल के 5,212 पद हैं, जिसमें से 3,492 पुरूष भर्ती होंगे और 1720 महिलाएं। इसी तरह आर्म्ड पुलिस कांस्टेबल के 797 पदों में से 534 पद पुरुषों के लिए हैं और 263 पद महिलाओं के लिए हैं। SRPF कांस्टेबल के लिए 4,450 पद हैं जिसमें सिर्फ पुरुषों के लिए ही रिक्तियां निकाली गई है और इस पद के लिए महिलाओं को नियुक्त नहीं किया जाएगा।

आवेदन

कांस्टेबल भर्ती 2021 के लिए आवेदन कैसे करें?

LRB भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 नवंबर, 2021 रखी गई है। उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 12वीं पास होना जरूरी है और उनकी आयु सीमा 18-34 साल के बीच होनी चाहिए। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को 100 रुपये का परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ojas.gujarat.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आप अधिकारिक नोटिफिकेशन भी पढ़ सकते हैं।