Page Loader
बिहार में 1,051 पदों पर निकली सरकारी नौकरी, आज से करें आवेदन
बिहार में 1,051 पदों पर निकली सरकारी नौकरी (तस्वीरः फ्रीपिक)

बिहार में 1,051 पदों पर निकली सरकारी नौकरी, आज से करें आवेदन

लेखन राशि
Jan 15, 2024
10:45 am

क्या है खबर?

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 1,051 पदों पर भर्ती निकाली है और इसके लिए आवेदन प्रक्रिया आज (15 जनवरी) से शुरू हो गई है। इस भर्ती अभियान के तहत ब्लॉक कृषि अधिकारी के रिक्त पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण की आखिरी तारीख 28 जनवरी है। इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन का मौका नहीं दिया जाएगा।

पद

जानें पद विवरण

इस भर्ती अभियान के तहत प्रखंंड कृषि पदाधिकारी के 866 पद और अनुमंडल कृषि पदाधिकारी के 155 पद भरे जाएंगे। कृषि अभियंत्रण सहायक निदेशक के 19 और पौधा संरक्षण सहायक निदेशक के 11 पदों पर भर्ती होगी। प्रखंड कृषि अधिकारी के 219 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं। अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 175 और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए 17 पद आरक्षित हैं। इसी तरह अन्य पदों पर भी आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आरक्षण मिलेगा।

पात्रता

कौन कर सकता है आवेदन?

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी पद के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से कृषि विज्ञान में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। कृषि अभियंत्रण सहायक निदेशक के लिए कृषि अभियंत्रण में स्नातक डिग्री और पौधा संरक्षण सहायक निदेशक के लिए पौधा संरक्षण के साथ स्नातक डिग्री होना जरूरी है। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 37 साल है। आरक्षित वर्ग और महिलाओं को अधिकतम आयु में नियमानुसार छूट मिलेगी।

चयन

क्या है चयन प्रक्रिया?

इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर होगा। लिखित परीक्षा में 3 प्रमुख विषय होंगे, इसमें सामान्य हिंदी, सामान्य ज्ञान और संबंधित विषय की परीक्षा होगी। इसके लिए कुल 400 अंक आवंटित हैं। सभी पदों के लिए परीक्षा का पाठ्यक्रम अलग-अलग है। उम्मीदवार आधिकारिक अधिसूचना से इसे देख सकते हैं। प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि अभियंत्रण सहायक निदेशक और पौधा संरक्षण सहायक निदेशक को पे लेवल 9 के अनुसार वेतन मिलेगा।

आवेदन

क्या है आवेदन प्रक्रिया?

आवेदन के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां अधिसूचना लिंक पर क्लिक कर सभी दिशा निर्देश पढ़ें। इसके बाद आवेदन पत्र खोलें, इसमें सभी शैक्षिक और व्यक्तिगत जानकारी सावधानी के साथ दर्ज करें। अब पहचान पत्र, जाति प्रमाणपत्र, शैक्षिक अंकसूची, हस्ताक्षर और फोटो की स्कैन प्रति जैसे दस्तावेज अपलोड करें। आवेदन के लिए सामान्य और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपये और SC, ST और आरक्षित वर्ग की महिला उम्मीदवारों को 200 रुपये शुल्क देना होगा।