
बिहार 69वीं मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू, भरे जाएंगे 475 पद
क्या है खबर?
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 69वीं संयुक्त मुख्य परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आज (27 नवंबर) से शुरू कर दी है।
प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। इसका आयोजन फरवरी में होने की संभावना है।
उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
पंजीकरण करने की आखिरी तारीख 6 दिसंबर है। इसके बाद आवेदन करने का मौका नहीं दिया जाएगा।
प्रारंभिक
प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए हैं 4,000 से ज्यादा छात्र
प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 30 सितंबर को बिहार के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों में किया गया था।
परीक्षा की पहली अंतरिम (प्रोविजनल) उत्तर कुंजी 6 अक्टूबर को और दूसरी अंतरिम उत्तर कुंजी 17 अक्टूबर को जारी की गई थी।
अंतिम (फाइनल) उत्तर कुंजी 28 अक्टूबर को आई थी और 11 नवंबर को परिणाम घोषित हुआ था।
प्रारंभिक परीक्षा में लगभग 2.70 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया था, इनमें से 4,037 उम्मीदवार ने सफलता हासिल की है।
परीक्षा पैटर्न
कैसा होगा परीक्षा पैटर्न?
BPSC की मुख्य परीक्षा कुल 900 अंकों की होती है। इसमें सामान्य अध्ययन पेपर 1, सामान्य अध्ययन पेपर 2 और निबंध के 300-300 अंक होते हैं।
सामान्य हिंदी और वैकल्पिक विषय 100-100 अंक के होते हैं, लेकिन इनमें प्राप्त अंकों की गणना परिणाम में नहीं की जाती है।
इन दोनों विषयों में केवल न्यूनतम प्राप्तांक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। इंटरव्यू के लिए कुल 120 अंक होते हैं।
अंतिम परीक्षा परिणाम 1,020 अंकों के आधार पर बनता है।
आवेदन
कैसे करें आवेदन?
आवेदन के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां होम पेज पर '69वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (मुख्य) रजिस्ट्रेशन' लिंक पर क्लिक करें।
अपना लॉग इन विवरण दर्ज करें और सभी आवश्यक जानकारी भरें। आवेदन में गलती होने पर उम्मीदवार 8 दिसंबर तक संशोधन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए सामान्य/OBC/EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपये शुल्क देना होगा।
SC/ST/दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवार और सभी वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये है।
पद
कितने पद भरे जाएंगे?
69वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के जरिए कुल 475 पद भरे जाएंगे।
उम्मीदवारों को राज्य कर सहायक आयुक्त, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी समेत कई पदों नियुक्ति दी जाएगी।
मुख्य परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। हालांकि, अभी मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के आयोजन तारीख को लेकर जानकारी नहीं दी गई है।
उम्मीदवार परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना देख सकते हैं।