जोमैटो से खाना मंगाना हुआ महंगा, कंपनी ने 2.40 रुपये बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
क्या है खबर?
ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो से खाना मंगाना यूजर्स के लिए थोड़ा महंगा हो गया है। कंपनी ने आज से हर ऑर्डर पर ली जाने वाली प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी कर दी है। अब यह फीस 2.40 रुपये बढ़ाकर 14.90 रुपये कर दी गई है, जो पहले 12.50 रुपये थी। यह नई कीमत टैक्स से पहले की है और इसका असर कुल बिल पर साफ तौर पर देखा जा सकता है।
बढ़ोतरी
पहले भी हो चुकी है बढ़ोतरी
कंपनी ने इससे पहले सितंबर, 2025 में भी प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाई थी। फिलहाल, टैक्स जोड़ने के बाद जोमैटो की फीस करीब स्विगी के बराबर पहुंच गई है, जो हर ऑर्डर पर 14.99 रुपये ले रहा है। आमतौर पर देखा जाता है कि दोनों कंपनियां फीस के मामले में एक-दूसरे को फॉलो करती हैं। ऐसे में आने वाले समय में और बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।
प्रतिस्पर्धा
बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच फैसला
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब रैपिडो ने हाल ही में बेंगलुरु में अपनी नई फूड डिलीवरी सेवा ओनली शुरू की है। कंपनी का दावा है कि वह ग्राहकों या रेस्टोरेंट से अतिरिक्त फीस नहीं लेगी। ऐसे में बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए ऑफर और रणनीतियां अपना सकती हैं।