
जोमैटो ने 15 मिनट फूड डिलीवरी सेवा 'क्विक' की बंद, 4 महीने पहले हुई थी लॉन्च
क्या है खबर?
ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने अपने 'जोमैटो क्विक' सेवा को बंद कर दिया है।
यह सेवा 15 मिनट में खाना डिलीवर करने के वादे के साथ शुरू की गई थी और कंपनी के मुख्य ऐप पर दिखाई देती थी।
हालांकि, लॉन्च के सिर्फ 4 महीने बाद ही अब इसे चुपचाप ऐप से हटा दिया गया है। अब यह सर्विस बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और अन्य शहरों में उपलब्ध नहीं है, जिससे कंपनी की रणनीति में बदलाव का संकेत मिलता है।
अन्य सेवा
पहले भी बंद करनी पड़ी थी ऐसी सेवा
जोमैटो ने 2022 में 'जोमैटो इंस्टेंट' नाम से एक और इंस्टेंट डिलीवरी सेवा शुरू की थी, जिसमें 10 मिनट में खाना देने का दावा किया गया था, लेकिन जनवरी, 2023 में वह सेवा भी बंद कर दी गई।
इसके बाद 'जोमैटो एवरीडे' के रूप में 10 मिनट की घरेलू भोजन डिलीवरी शुरू की गई, जो अब ऐप से गायब है।
कंपनी का मानना है कि यह मॉडल अभी व्यवहारिक नहीं है और इससे व्यवसाय पर कोई खास असर नहीं पड़ता।
प्लान
ब्लिंकिट से जोड़े नए फास्ट फूड प्लान
अब जोमैटो ने 'बिस्ट्रो बाय ब्लिंकिट' नाम से एक अलग सेवा शुरू की है, जो ब्लिंकिट के डार्क स्टोर के जरिए स्नैक्स और रेडी-टू-ईट आइटम्स की तेज डिलीवरी करती है।
इसमें समोसे, क्रीम रोल, पफ जैसे खाने शामिल हैं, जिन्हें 10-15 मिनट में भेजा जा सकता है।
इससे लगता है कि कंपनी अब अपने मुख्य ऐप से इंस्टेंट फूड सेवाओं को हटाकर उन्हें ब्लिंकिट के जरिए अलग तरीके से पेश करना चाहती है, ताकि ज्यादा असरदार संचालन किया जा सके।