ट्रंप परिवार की वर्ल्ड लिबर्टी ट्रस्ट कंपनी को मिली सशर्त मंजूरी
अमेरिकी बैंकिंग नियामक ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार के क्रिप्टो वेंचर वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल से जुड़ी एक नई ट्रस्ट कंपनी वर्ल्ड लिबर्टी ट्रस्ट कंपनी को सशर्त मंजूरी दे दी है।
इस मंजूरी के बाद कंपनी अपना एक डॉलर का स्टेबलकॉइन लॉन्च कर सकेगी और अपने डॉलर रिजर्व का प्रबंधन भी खुद ही कर पाएगी। हालांकि, इसमें एक बड़ी शर्त यह है कि वे एक सामान्य बैंक की तरह काम नहीं कर सकते। इसका मतलब है कि वे लोगों का पैसा जमा और कोई लोन नहीं दे सकते हैं।
कंपनी को रखनी होगी करीब 190 करोड़ रुपये की पूंजी
इस मंजूरी के तहत कंपनी को अपनी पूंजी में 2 करोड़ डॉलर (करीब 190 करोड़ रुपये) रखने होंगे। इसके साथ ही, उन्हें एक योग्य कर्मचारी को इंटरनल ऑडिट मैनेजर के रूप में नियुक्त करना होगा।
पैसिविटी एग्रीमेंट के तहत गैर-अमेरिकी निवेशकों को यह भी मानना पड़ा कि वे इस कंपनी के कामों में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। वर्ल्ड लिबर्टी ट्रस्ट के अध्यक्ष जैक विटकोफ ने इस सशर्त मंजूरी को एक मील का पत्थर बताया है।
उनके मुताबिक, इससे उनके स्टेबलकॉइन को केंद्रीय निगरानी के दायरे में लाया जा सकेगा। हालांकि, ट्रंप परिवार के इस वेंचर से जुड़े होने के कारण कुछ सांसदों को हितों के टकराव की चिंता सता रही है।
उन खबरों ने भी चिंता बढ़ाई है, जिनमें कहा गया था कि कंपनी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से जुड़े एक सौदे में 50 करोड़ डॉलर (करीब 4,700 करोड़ रुपये) की हिस्सेदारी खरीदी है।