विप्रो के शेयर 9 में 11 फीसदी बढ़े, 150 अरब रुपये के बायबैक प्लान से आया उछाल
विप्रो के शेयरों में लगातार 9 दिन से बढ़ोतरी देखी जा रही है और 11 फीसदी से ज्यादा बढ़कर अब 207 रुपये पर पहुंच गए हैं।
हालांकि, इस तेजी के बावजूद इस साल अब तक शेयर में 23 फीसदी की गिरावट आई है और पिछले एक साल में यह 17 फीसदी से भी ज्यादा लुढका है।
इस हालिया उछाल की बडी वजह विप्रो का 150 अरब रुपये का बडा शेयर बायबैक प्लान है, जिसे लेकर निवेशक काफी उत्साहित हैं।
कंपनी 250 रुपये में खरीदेगी शेयर
विप्रो ने 250 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 60 करोड़ शेयर वापस खरीदने की योजना बनाई है। यह भाव पिछले सोमवार के बंद भाव से 21 फीसदी ज्यादा है।
बायबैक के लिए 5 जून की तारीख रिकॉर्ड डेट के तौर पर तय की गई है। कंपनी के प्रमोटर्स भी इसमें हिस्सा लेंगे।
इसके साथ ही, विप्रो ने बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के नतीजे भी घोषित किए हैं। इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 35.02 अरब रुपये रहा, जो पिछली तिमाही से 12 फीसदी ज्यादा है और कुल कमाई 242.36 अरब दर्ज की गई है।
हालांकि, उसको अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 की अगली तिमाही में उसकी कमाई 2 फीसदी तक घट सकती है क्योंकि, बडे ग्राहकों के साथ नए सौदों की रफ्तार धीमी पड़ गई है।