इंडिगो के नए CEO बने विली वॉल्श, अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर देंगे ध्यान
क्या है खबर?
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने विमानन क्षेत्र के अनुभवी विली वॉल्श को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने 3 अगस्त से आधिकारिक रूप से पदभार संभाल लिया है। कंपनी ने उनके नाम की घोषणा इसी साल मार्च में की थी। इंडिगो का कहना है कि नए नेतृत्व के साथ अब कंपनी अपने अगले विकास चरण की शुरुआत करेगी। साथ ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
अनुभव
कई बड़ी कंपनियों में निभाई जिम्मेदारी
वॉल्श के पास विमानन क्षेत्र में 40 वर्ष से अधिक का अनुभव है।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एयर लिंगस में पायलट के रूप में की थी और बाद में उसके CEO पद पर भी उन्होंने काम किया। इसके बाद उन्होंने ब्रिटिश एयरवेज, इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप और इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन जैसे बड़े संगठनों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
अब वह अपने अनुभव के साथ इंडिगो की नई रणनीतियों को आगे बढ़ाएंगे।
सेवा
अंतरराष्ट्रीय विस्तार और बेहतर सेवाओं पर रहेगा जोर
इंडिगो ने कहा है कि वॉल्श कंपनी के बोर्ड और प्रबंधन टीम के साथ मिलकर काम करेंगे।
उनका मुख्य लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार करना, परिचालन व्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना होगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक (MD) राहुल भाटिया ने कहा कि वॉल्श का वैश्विक अनुभव इंडिगो की विकास योजनाओं को नई गति देगा और एयरलाइन की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा।
अवसर
भारत के विमानन बाजार को बताया बड़ा अवसर
वॉल्श ने पदभार संभालने के बाद कहा कि इंडिगो ने पिछले दो दशकों में शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं और अब उसके सामने आगे बढ़ने के बड़े अवसर हैं।
उन्होंने भारत को दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक बताया।
इंडिगो के पास इस समय 430 से अधिक विमान हैं, कंपनी रोजाना करीब 2,200 उड़ानें संचालित करती है और 95 से ज्यादा घरेलू तथा 40 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती है।