AI से वित्तीय सलाह लेते समय रहें सतर्क, छोटी गलती से हो सकता है बड़ा नुकसान
क्या है खबर?
आजकल कई लोग निवेश, टैक्स, होम लोन और बचत से जुड़े सवालों के जवाब पाने के लिए AI चैटबॉट का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह जानकारी समझने और विकल्पों की तुलना करने में मदद कर सकता है, लेकिन जल्दी और बेहतर जवाब पाने के लिए कई लोग अपनी जरूरत से ज्यादा निजी जानकारी साझा कर देते हैं। सलाह लेने के साथ अपनी वित्तीय गोपनीयता, व्यक्तिगत डाटा की सुरक्षा और ऑनलाइन सतर्कता का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।
#1
बैंक की गोपनीय जानकारी कभी साझा न करें
अगर आप AI से निवेश या पैसों से जुड़ा कोई सवाल पूछ रहे हैं, तो बैंक खाता नंबर, एटीएम कार्ड की जानकारी, UPI पिन, OTP, CVV या इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड कभी साझा न करें।
इन जानकारियों की जरूरत सामान्य सलाह देने के लिए नहीं होती।
ऐसी जानकारी किसी भी व्यक्ति या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ साझा करना आपके लिए आर्थिक नुकसान, साइबर धोखाधड़ी और पहचान चोरी का कारण बन सकता है।
#2
दस्तावेज भेजने से पहले जरूरी जानकारी छिपाएं
अगर किसी भी दस्तावेज के बारे में सलाह लेनी हो, तो उसे भेजने से पहले उसमें मौजूद संवेदनशील जानकारी हटा दें।
पैन नंबर, आधार नंबर, बैंक खाते की जानकारी, मोबाइल नंबर और दूसरी निजी पहचान से जुड़ी जानकारी छिपाकर ही दस्तावेज साझा करें। केवल जरूरी आंकड़े दिखाने से भी सही सलाह मिल सकती है।
इससे आपकी निजी जानकारी सुरक्षित रहेगी और गलत इस्तेमाल का खतरा काफी हद तक कम होगा।
#3
AI को मददगार मानें, अंतिम सलाहकार नहीं
विशेषज्ञों का कहना है कि AI कई वित्तीय विषयों को आसान भाषा में समझा सकता है और सामान्य जानकारी देने में उपयोगी है।
हालांकि, निवेश या बड़े आर्थिक फैसले केवल AI की सलाह के आधार पर नहीं लेने चाहिए। ऐसे मामलों में अपनी आय, जोखिम उठाने की क्षमता और परिवार की जरूरतों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
जरूरत पड़ने पर किसी योग्य वित्तीय सलाहकार की राय लेकर ही अंतिम फैसला करना बेहतर रहेगा।