एंथ्रोपिक हर महीने एलन मस्क की कंपनी को क्यों करेगी 300 अरब रुपये का भुगतान?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने कंप्यूटिंग संसाधनों के लिए एलन मस्क की कंपनी स्पेस-XAI के साथ एक बड़ी साझेदारी की है। कंपनी ने अपने प्रस्तावित IPO से जुड़ी फाइलिंग में बताया कि इस समझौते की कीमत 120.5 अरब डॉलर तक हो सकती है। इसके तहत एंथ्रोपिक को अपने क्लॉड चैटबॉट को चलाने के लिए जरूरी कंप्यूटिंग क्षमता मिलेगी। इसमें एनवीडिया की चिप्स से लैस डाटा सेंटर भी शामिल हैं।
भुगतान
दिसंबर से हर महीने 3.1 अरब डॉलर तक भुगतान
एंथ्रोपिक फिलहाल टेनेसी के मेम्फिस स्थित डाटा सेंटर से कंप्यूटिंग सेवाएं लेने के लिए हर महीने करीब 1.25 अरब डॉलर का भुगतान कर रही है।
कंपनी के मुताबिक, दिसंबर तक पूरी तय क्षमता उपलब्ध होने पर यह रकम बढ़कर लगभग 3.1 अरब डॉलर (लगभग 300 अरब रुपये) प्रति माह हो सकती है। पिछली तिमाही में एंथ्रोपिक का राजस्व 16.8 अरब डॉलर रहा था।
ऐसे में स्पेस-XAI को दिया जाने वाला भुगतान कंपनी की कमाई का बड़ा हिस्सा हो सकता है।
विकल्प
समझौते में करार खत्म करने का भी विकल्प
इस समझौते के तहत शुरुआती तय अवधि पूरी होने के बाद दोनों कंपनियां 90 दिन का नोटिस देकर करार समाप्त कर सकती हैं।
एंथ्रोपिक ने बताया है कि उसके कुछ कंप्यूटिंग सेवा प्रदाता खुद भी AI मॉडल विकसित करते हैं। इससे बाहरी कंपनियों पर निर्भर रहने का जोखिम बढ़ सकता है।
कंपनी ने AI से जुड़े खतरों को लेकर भी निवेशकों को आगाह किया है। इनमें तकनीक का अनियंत्रित व्यवहार और इंसानों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर जोखिम शामिल हैं।
कमाई
एंथ्रोपिक की कमाई बढ़ी
एंथ्रोपिक ने 2026 की पहली छमाही में 16.3 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1.2 अरब डॉलर था।
हालांकि, कंपनी को इस दौरान 80.7 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ, जिसकी प्रमुख वजह वित्तीय समझौतों से जुड़ा एकमुश्त लेखांकन खर्च था।
दूसरी तिमाही में कंपनी ने 11.6 अरब डॉलर के राजस्व पर करीब 97.4 करोड़ डॉलर का परिचालन लाभ दर्ज किया। इसका IPO AI क्षेत्र के बड़े IPO में शामिल हो सकता है।