उबर ग्राहक सेवा टीम से क्यों कर रही 10 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी?
क्या है खबर?
राइड-हेलिंग कंपनी उबर बड़ी संख्या में अपने कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने अपने कस्टमर सर्विस डिवीजन में करीब 10 प्रतिशत नौकरियां कम करने का फैसला लिया है। यह कदम AI के बढ़ते इस्तेमाल, कामकाज को आसान बनाने और कर्मचारियों को ऑफिस से जोड़ने की नई योजना के तहत उठाया गया है। इस फैसले का असर कस्टमर सपोर्ट से जुड़े कई कर्मचारियों पर पड़ेगा।
असर
इन कर्मचारियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट के अनुसार, छंटनी का सबसे ज्यादा असर कम्युनिटी ऑपरेशन टीम पर पड़ेगा।
यही टीम राइडर्स, ड्राइवरों और डिलीवरी पार्टनर्स की शिकायतें और सहायता का काम संभालती है। कंपनी ने दूर से काम करने वाले कई कर्मचारियों को तय हब ऑफिस में शिफ्ट होने के लिए भी कहा है।
उबर का कहना है कि इससे टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और काम पहले की तुलना में ज्यादा तेज और आसान होगा।
वजह'
जानिए कंपनी ने क्यों लिया यह फैसला?
उबर का कहना है कि उसका कस्टमर सर्विस सिस्टम काफी जटिल और बिखरा हुआ हो गया है, जिससे AI का पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा था।
कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, आसान संगठनात्मक ढांचा बनने के बाद AI टूल्स का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।
इसी वजह से कंपनी कुछ पद कम कर रही है और उन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान दे रही है, जहां नई तकनीक से काम तेज और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
अन्य
पहले भी हो चुकी है कर्मचारियों की कटौती
यह दो महीने के भीतर कर्मचारियों की छंटनी का दूसरा बड़ा दौर है।
इससे पहले जून में भी उबर ने अपने पीपल डिवीजन में कर्मचारियों की संख्या घटाई थी। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि इंजीनियरिंग और AI से जुड़े कई पदों पर भर्ती अभी भी जारी है।
कंपनी का मानना है कि भविष्य में AI आधारित काम बढ़ने के साथ कर्मचारियों की जरूरत भी अलग तरह के कौशल के अनुसार बदलती जाएगी।