एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग का बीजिंग दौरा क्यों खींच रहा दुनियाभर का ध्यान?
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे के बीच एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग का अचानक बीजिंग पहुंचना दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया है। मंगलवार तक उनका नाम आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं था, लेकिन बाद में वह ट्रंप के साथ यात्रा करते नजर आए। ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी की पुष्टि की है। इस दौरे को अमेरिका-चीन के बीच AI और टेक्नोलॉजी संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
वजह
दुनिया का ध्यान क्यों खींच रहा यह दौरा?
एनवीडिया दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप बनाने वाली कंपनियों में शामिल है। कंपनी के H200 AI चिप्स का इस्तेमाल ChatGPT जैसे एडवांस सिस्टम को ट्रेन करने में किया जाता है। अमेरिका लंबे समय से इन चिप्स के चीन एक्सपोर्ट पर सख्त नियंत्रण रखता है। ऐसे में ट्रंप के चीन दौरे में हुआंग की मौजूदगी को बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरे पर AI टेक्नोलॉजी और चिप कारोबार पर बातचीत अहम मुद्दा रह सकती है।
उम्मीद
चीन बाजार को लेकर एनवीडिया की बड़ी उम्मीद
एनवीडिया लंबे समय से चीन में ज्यादा कारोबार की कोशिश कर रही है। कंपनी चीन के AI बाजार को करीब 50 अरब डॉलर का बड़ा अवसर मानती है। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने खुद हुआंग को फोन कर उनकी इस यात्रा में शामिल होने के लिए कहा था। एनवीडिया ने भी बयान जारी कर कहा कि हुआंग अमेरिकी प्रशासन और उसके लक्ष्यों को समर्थन देने के लिए इस समिट में शामिल हो रहे हैं।
अन्य
ट्रंप के साथ कई बड़े कारोबारी नेता मौजूद
इस चीन दौरे में ट्रंप के साथ कई बड़ी अमेरिकी कंपनियों के प्रमुख भी शामिल हुए हैं। इनमें ऐपल के टिम कुक, टेस्ला के एलन मस्क, बोइंग की केली ऑर्टबर्ग और गोल्डमैन सैक्स के डेविड सोलोमन जैसे नाम शामिल हैं। माना जा रहा है कि ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच व्यापार, टैरिफ, ताइवान और टेक्नोलॉजी को लेकर अहम बातचीत होगी। वैश्विक बाजार भी इस बैठक पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।