शेयर बाजार में IT शेयरों में क्यों देखने को मिल रही भारी गिरावट?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (13 अप्रैल) भारी बिकवाली के बीच IT सेक्टर के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली रही है। निफ्टी IT इंडेक्स में 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और इसके ज्यादातर शेयर नुकसान में रहे। बाजार के बड़े शेयर जैसे TCS, इंफोसिस और विप्रो 1 प्रतिशत से ज्यादा टूट गए। कुल मिलाकर बाजार में नकारात्मक माहौल बना रहा, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा और बिकवाली लगातार बढ़ती चली गई।
#1
ग्लोबल तनाव और तेल कीमतों का असर
IT शेयरों में गिरावट की बड़ी वजह वैश्विक हालात रहे। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत असफल होने से तनाव बढ़ गया है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर से ऊपर पहुंच गई हैं। इससे बाजार में डर का माहौल बना और निवेशकों ने तेजी से शेयर बेचना शुरू कर दिया। सेंसेक्स और निफ्टी 50 भी 1.5 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए, जिससे पूरे बाजार में दबाव साफ दिखाई दिया।
#2
AI और कमाई को लेकर बढ़ी चिंता
IT सेक्टर पर एक और बड़ा दबाव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बढ़ती चिंता है। नए AI टूल्स आने से पारंपरिक IT सर्विस कंपनियों के बिजनेस मॉडल पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसी वजह से 2026 में अब तक निफ्टी IT इंडेक्स करीब 19 प्रतिशत गिर चुका है। निवेशकों को डर है कि ऑटोमेशन बढ़ने से कंपनियों की ग्रोथ और कमाई पर असर पड़ सकता है।
#3
TCS नतीजों से बढ़ी कमजोरी की चिंता
TCS के हालिया तिमाही नतीजों ने भी बाजार की चिंता बढ़ा दी है। डॉलर मजबूत होने के बावजूद कंपनी के डॉलर रेवेन्यू में गिरावट देखी गई, जो कमजोर मांग का संकेत है। इससे पूरे IT सेक्टर की कमाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इसके साथ ही, कई सेक्टर जैसे मैन्युफैक्चरिंग और कम्युनिकेशन में कमजोरी बनी हुई है, जिससे आने वाले समय में IT कंपनियों के प्रदर्शन पर और दबाव पड़ सकता है।