वॉरेन बफेट ने बिल गेट्स फाउंडेशन को दान देना क्यों किया बंद?
क्या है खबर?
अरबपति निवेशक वॉरेन बफेट ने बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन को हर साल दिया जाने वाला अपना दान बंद करने का फैसला किया है। उन्होंने अब गेट्स फाउंडेशन को उन संस्थाओं की सूची से हटा दिया है, जिन्हें उनके बर्कशायर हैथवे के शेयर मिलते थे। इसके बजाय यह हिस्सेदारी अब बफेट परिवार से जुड़े चार फाउंडेशन को दी जाएगी। बफेट ने कहा कि वह 31 दिसंबर, 2034 तक अपने सभी शेयर दान कर देंगे और इसी योजना पर आगे बढ़ेंगे।
वजह
फैसले के पीछे यह मानी जा रही वजह
यह फैसला ऐसे समय आया है जब बिल गेट्स ने हाल ही में अमेरिकी समिति के सामने जेफरी एपस्टीन से अपने संबंधों पर सफाई दी थी।
बफेट ने अपने बयान में गेट्स या एपस्टीन का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने कहा कि वह ऐसी किसी स्थिति में नहीं रहना चाहते जहां उन्हें गवाह के रूप में बुलाया जाए।
इसी बयान के बाद उनके इस फैसले को लेकर नई चर्चाएं और अटकलें तेज हो गई हैं।
दान
करीब 20 साल तक करते रहे बड़ा दान
बफेट ने वर्ष 2006 में गेट्स फाउंडेशन को हर साल दान देने का वादा किया था।
पिछले करीब 20 वर्षों में वह इस फाउंडेशन को लगभग 47 अरब डॉलर (लगभग 4,500 अरब रुपये) के शेयर दान कर चुके हैं। गेट्स फाउंडेशन ने बफेट के फैसले पर कहा कि वह उनके लंबे समय से मिले सहयोग के लिए आभारी है।
फाउंडेशन ने यह भी कहा कि भविष्य में उसके काम के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन और सहयोग उपलब्ध रहेंगे।
सफाई
गेट्स ने भी दी अपनी सफाई
गेट्स ने अमेरिकी समिति के सामने कहा कि उनकी मुलाकात 2011 में एपस्टीन से हुई थी।
उनका मानना था कि वह वैश्विक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए बड़े दानदाताओं से मदद दिला सकता है। गेट्स ने माना कि उन्हें एपस्टीन से कभी नहीं मिलना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि अब जो जानकारी सामने आई है, उसे देखते हुए उस व्यक्ति के साथ किसी भी तरह का संबंध रखना सही फैसला नहीं था और यह उनकी बड़ी गलती थी।