स्टार हेल्थ इंश्योरेंस पर IRDAI ने क्यों लगाया 2 करोड़ रुपये का जुर्माना?
क्या है खबर?
भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। कंपनी पर स्वास्थ्य बीमा के दावों को गलत तरीके से खारिज करने, पॉलिसी की शर्तों के खिलाफ रकम काटने और ग्राहकों को फैसलों की सही जानकारी नहीं देने का आरोप है। नियामक ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है। साथ ही कंपनी को दावा निपटाने की प्रक्रिया में सुधार करने के निर्देश भी दिए हैं।
कार्रवाई
गलत तरीके से क्लेम खारिज करने पर हुई कार्रवाई
IRDAI ने 2022 में कंपनी के कामकाज की जांच की थी।
इसमें सामने आया कि स्टार हेल्थ ने कोविड-19 सहित कई बीमा दावों को गलत कारणों से खारिज किया था। कंपनी ने कुछ मामलों में पॉलिसी की शर्तों के खिलाफ भी रकम काटी। नियामक के मुताबिक, कई ग्राहकों को उनकी बकाया राशि तभी मिली, जब उसने इन गड़बड़ियों पर सवाल उठाए।
ग्राहकों को यह भी नहीं बताया गया कि उनके दावे किस शर्त के तहत खारिज किए गए थे।
जुर्माना
जुर्माने की आधी रकम 2 नियमों के उल्लंघन पर
कुल जुर्माने में से 1 करोड़ रुपये स्वास्थ्य बीमा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर लगाए गए हैं।
यह नियम बीमा दावों को खारिज करने की प्रक्रिया से संबंधित है। बाकी 1 करोड़ रुपये थर्ड पार्टी एडमिनिस्ट्रेटर से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने के लिए लगाए गए हैं। ये नियम दावों में की जाने वाली कटौती और ग्राहकों को फैसलों की जानकारी देने से जुड़े हैं।
IRDAI ने कंपनी को छूट का सही हिसाब रखने की हिदायत दी है।
रिपोर्ट
कंपनी को 90 दिन में देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट
नियामक ने स्टार हेल्थ को निर्देश दिया है कि वह क्लेम सेटलमेंट लेटर में मंजूर और खारिज रकम, कटौती और छूट का पूरा ब्योरा दे।
कंपनी को शिकायत करने वाले ग्राहकों को बीमा लोकपाल की जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी। इसके अलावा, 90 दिन से अधिक पहले नवीनीकरण प्रीमियम लेने के मामले में भी चेतावनी दी गई है।
यह आदेश कंपनी के बोर्ड के सामने रखा जाएगा और उसे सुधार के लिए उठाए गए कदमों की रिपोर्ट जमा करनी होगी।