फोनपे ने IPO लॉन्च करने की अपनी योजना फिलहाल क्यों टाली?
क्या है खबर?
फोनपे ने अपनी IPO लॉन्च करने की योजना को फिलहाल टाल दिया है। कंपनी ने आज (16 मार्च) ही इस बारे में जानकारी दी है। फोनपे के CEO और फाउंडर समीर निगम ने कहा कि कंपनी भारत में पब्लिक लिस्टिंग के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन फिलहाल IPO प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में हालात सामान्य होने पर कंपनी अपनी लिस्टिंग की प्रक्रिया फिर से शुरू करेगी।
वजह
वैश्विक हालात बनी बड़ी वजह
कंपनी के मुताबिक IPO टालने की मुख्य वजह मौजूदा वैश्विक हालात और बाजार में बढ़ता उतार-चढ़ाव है। खास तौर पर अमेरिका-इजरायल और ईरान से जुड़े युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार प्रभावित हुए हैं। इससे निवेशकों के बीच अनिश्चितता बढ़ी है। फोनपे का कहना है कि जब वैश्विक पूंजी बाजार में स्थिरता आएगी और हालात बेहतर होंगे, तब कंपनी अपनी IPO योजना को फिर से आगे बढ़ाने पर विचार करेगी।
वैल्यू
1,400 अरब रुपये तक पहुंच सकती थी वैल्यू
रिपोर्ट के अनुसार फोनपे अपने IPO के जरिए करीब 12,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रहा था। इससे कंपनी की कुल वैल्यू करीब 15 अरब डॉलर (लगभग 1,400 अरब रुपये) तक पहुंचने की उम्मीद थी। अगर यह IPO आता, तो यह भारत में डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़ी बड़ी लिस्टिंग में से एक होता। इसे 2021 में पेटीएम के IPO के बाद दूसरी सबसे बड़ी नई टेक कंपनी की लिस्टिंग माना जा रहा था।
बाजार
UPI बाजार में मजबूत पकड़
फोनपे भारत के डिजिटल पेमेंट बाजार में एक बड़ा नाम है। UPI प्लेटफॉर्म पर कंपनी का लगभग 45 प्रतिशत मार्केट शेयर है, जबकि गूगल पे करीब 35 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर है। फोनपे हर महीने लगभग 10 बिलियन ट्रांज़ैक्शन प्रोसेस करता है, जिनकी कुल कीमत 12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा होती है। इसके अलावा, कंपनी शेयर ट्रेडिंग, लोन और इंश्योरेंस जैसी कई डिजिटल सेवाएं भी दे रही है।