Loading...
HDFC बैंक ने CEO समेत 3 वरिष्ठ अधिकारियों पर क्यों लगाया 1-1 लाख रुपये जुर्माना?
HDFC ने CEO समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाया जुर्माना

HDFC बैंक ने CEO समेत 3 वरिष्ठ अधिकारियों पर क्यों लगाया 1-1 लाख रुपये जुर्माना?

Jul 28, 2026
02:06 pm

क्या है खबर?

HDFC बैंक ने अपने मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO शशिधर जगदीशन, CFO श्रीनिवासन वैद्यनाथन और रिटेल एसेट्स ग्रुप हेड अरविंद वोहरा पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। बैंक ने यह कार्रवाई महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MSRDC) से जुड़े डिपॉजिट मामले की आंतरिक जांच के बाद की है। इसके साथ ही, तीनों अधिकारियों को चेतावनी पत्र भी जारी किया गया है और भविष्य में नियमों के पालन पर विशेष जोर देने को कहा गया है।

वजह

आखिर क्यों लगाया गया जुर्माना?

बैंक की स्वतंत्र अनुशासन समिति ने 2017 और 2021 में MSRDC के साथ हुए डिपॉजिट व्यवस्था की जांच की थी।

समिति ने पाया कि कुछ मामलों में कारोबारी सीमाओं से आगे बढ़कर काम किया गया था, जिसे 'बिजनेस ओवररीच' माना गया। हालांकि, जांच में किसी भी अधिकारी के गलत इरादे, निजी लाभ लेने, धोखाधड़ी करने या जानबूझकर नियम तोड़ने का कोई प्रमाण नहीं मिला।

इसके बावजूद बैंक बोर्ड ने अनुशासनात्मक कार्रवाई का फैसला लिया और जुर्माना लगाने की मंजूरी दी।

मामला

क्या है पूरा मामला?

यह मामला मई में उस समय चर्चा में आया था, जब रिपोर्टों में दावा किया गया कि सरकारी एजेंसी से डिपॉजिट जुटाने के दौरान करीब 45 करोड़ रुपये का भुगतान मार्केटिंग खर्च के रूप में किया गया था।

इससे यह सवाल उठा कि कहीं यह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के डिपॉजिट जुटाने के नियमों का उल्लंघन तो नहीं है।

इसके बाद बैंक ने पूरे मामले की आंतरिक समीक्षा कराई और स्वतंत्र समिति से विस्तृत जांच भी करवाई।

ADVERTISEMENT

जांच

बैंक ने गलत इरादे से किया इनकार

HDFC बैंक ने स्पष्ट कहा कि जांच में किसी अधिकारी द्वारा बेईमानी, धोखाधड़ी या निजी आर्थिक लाभ लेने का कोई सबूत नहीं मिला।

बैंक के अनुसार, यह मामला केवल कारोबारी फैसलों में जरूरत से अधिक दखल देने का था।

बैंक ने यह भी कहा कि उसकी आंतरिक निगरानी, ऑडिट और नियंत्रण व्यवस्था ने तय प्रक्रिया के अनुसार काम किया और पूरे मामले की निष्पक्ष तरीके से समीक्षा की गई, जिससे सभी तथ्यों की सही तरीके से जांच सुनिश्चित हो सकी।

ADVERTISEMENT

अन्य

RBI को भी दी जाएगी पूरी जानकारी

बैंक ने कहा कि इस मामले से जुड़े फैसलों और कार्रवाई की जानकारी RBI को भी दी जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि किसी बड़े निजी बैंक द्वारा अपने CEO और अन्य शीर्ष अधिकारियों पर सार्वजनिक रूप से अनुशासनात्मक कार्रवाई करना सामान्य बात नहीं है।

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब RBI बैंकिंग क्षेत्र में गवर्नेंस, पारदर्शिता और नियमों के पालन को लेकर लगातार सख्ती बरत रहा है तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।

ADVERTISEMENT