Loading...
जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही है भारी गिरावट?
जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में भारी गिरावट

जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही है भारी गिरावट?

Aug 31, 2026
03:05 pm

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन जी एंटरटेनमेंट के शेयर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज पर 101.55 रुपये के पिछले बंद भाव के मुकाबले 100.85 रुपये पर खुले। इसके बाद शेयर 14.3 प्रतिशत तक टूटकर 87 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में गिरावट कुछ कम हुई और सुबह 10:45 बजे शेयर 92.45 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

#1

तीन बैंकों के फैसले से बढ़ी परेशानी

शेयर में गिरावट की मुख्य वजह एस्सेल ग्रुप के संस्थापक सुभाष चंद्रा से जुड़ा मामला है।

शनिवार को केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और LIC हाउसिंग फाइनेंस ने राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण के फैसले को चुनौती देने की बात कही।

न्यायाधिकरण ने चंद्रा के प्रस्तावित कर्ज भुगतान प्लान को मंजूरी दी थी। तीनों बैंकों के इस कदम के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ी और जी एंटरटेनमेंट के शेयर में बिकवाली तेज होती दिखाई दी।

#2

कर्जदाताओं को मिलेंगे सिर्फ 6.25 करोड़ रुपये

तीनों कर्जदाताओं ने बताया कि उन्होंने सुभाष चंद्रा के प्रस्ताव का विरोध किया था।

इस योजना के तहत कर्जदाताओं के बीच केवल 6.25 करोड़ रुपये बांटने और दिवाला प्रक्रिया के खर्च के लिए 25 लाख रुपये देने का प्रावधान है। वहीं, कर्जदाताओं के कुल दावे करीब 22,006.57 करोड़ रुपये बताए गए हैं।

इसके बावजूद राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण ने 25 अगस्त को योजना को मंजूरी दे दी। अब बैंकों की अपील से यह मामला राष्ट्रीय कंपनी कानून अपीलीय न्यायाधिकरण पहुंचेगा।

ADVERTISEMENT

#3

एक साल में 21 प्रतिशत गिर चुका है शेयर

जी एंटरटेनमेंट के शेयर का प्रदर्शन पिछले एक साल में कमजोर रहा है।

इस साल अब तक शेयर करीब एक प्रतिशत ऊपर है, लेकिन पिछले एक साल में इसमें लगभग 21 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। शेयर ने 23 मार्च को 68.10 रुपये का 52 हफ्तों का निचला स्तर देखा था।

पिछले साल 22 सितंबर को यह 121.75 रुपये के 52 हफ्तों के ऊपरी स्तर तक पहुंचा था। नए विवाद के बाद शेयर पर दबाव और बढ़ गया है।

ADVERTISEMENT