शेयर बाजार में आज दवा कंपनियों के शेयरों में क्यों देखने को मिल रही तेजी?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज दवा कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। बाजार में कुल मिलाकर दबाव के बावजूद फार्मा सेक्टर के कई शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। एल्केम लैबोरेटरीज, टोरेंट फार्मास्युटिकल्स और फोर्टिस हेल्थकेयर जैसे शेयरों में 1.6 से 3.1 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, मैक्स हेल्थकेयर और अपोलो हॉस्पिटल्स भी बाजार के प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे। इससे निवेशकों की दिलचस्पी इस क्षेत्र में बढ़ती दिखी।
वजह
क्यों देखने को मिल रही है तेजी?
फार्मा शेयरों में तेजी की बड़ी वजह सरकार की नई योजना मानी जा रही है। सरकार बल्क ड्रग्स उद्योग को मजबूत करने के लिए नई स्कीम पर काम कर रही है। इस योजना का मकसद केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि लंबे समय की क्षमता तैयार करना और रिसर्च को बढ़ावा देना है। इसी खबर के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा और कई दवा कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।
निवेश
R&D और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
सरकार की प्रस्तावित योजना में रिसर्च एंड डेवलपमेंट को अधिक समर्थन देने की बात कही गई है। इसके साथ ही उद्योगों को नई यूनिट लगाने के लिए अधिक समय दिया जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, नई स्कीम में उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर साझेदारी को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार चाहती है कि भारत दवा उत्पादन के साथ-साथ नई दवाओं और तकनीकों के विकास में भी मजबूत स्थिति हासिल करे।
लागत
सप्लाई चेन और लागत पर भी नजर
सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद भारत की दवा उद्योग की सप्लाई चेन काफी हद तक स्थिर बनी हुई है। शुरुआती दौर में कुछ कच्चे माल की कमी जरूर देखी गई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है। हालांकि, कच्चे तेल और पेट्रोकेमिकल उत्पादों की ऊंची कीमतों के कारण उत्पादन, पैकेजिंग और परिवहन की लागत बढ़ी है। इसके बावजूद फिलहाल दवाओं की कीमतों में व्यापक बढ़ोतरी की कोई योजना नहीं है।