PSU बैंकिंग शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही तेजी? जानिए बड़ी वजह
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (26 अगस्त) PSU सेक्टर के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह सरकारी बैंकों के शेयरों में खरीदारी बढ़ी, जिससे निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत तक चढ़ गया। बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और SBI के शेयरों में 1 प्रतिशत से 6 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। इस महीने भी PSU बैंक इंडेक्स ने निजी बैंकों और निफ्टी 50 से बेहतर प्रदर्शन किया है।
#1
पहली तिमाही के अच्छे नतीजों से मिला सहारा
PSU बैंकों के शेयरों में तेजी की बड़ी वजह पहली तिमाही के मजबूत नतीजे माने जा रहे हैं।
कई PSU बैंकों की एसेट क्वालिटी उम्मीद से बेहतर रही और खराब कर्ज से जुड़े नए मामले कम रहे। इसके अलावा, बॉन्ड यील्ड घटने से बैंकों को अपनी बड़ी SLR होल्डिंग पर ट्रेजरी फायदा मिला।
जानकारों के मुताबिक, सेक्टर में पैसा एक सेगमेंट से दूसरे सेगमेंट की ओर जाने से भी PSU बैंकों को फायदा मिला।
#2
मार्जिन और सस्ती वैल्यूएशन का फायदा
PSU बैंकों के लिए मार्जिन और वैल्यूएशन भी अहम वजह हैं।
जानकारों के मुताबिक, निजी बैंकों की तुलना में PSU बैंक मौजूदा दौर में ब्याज मार्जिन की कमजोरी से कम प्रभावित हुए हैं। इन बैंकों के पास कम लागत वाली जमा और फिक्स्ड रेट वाले कर्ज का बड़ा हिस्सा है।
साथ ही, कई PSU बैंक अभी भी अपनी बुक वैल्यू के मुकाबले सस्ते हैं। साफ होती एसेट क्वालिटी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
#3
क्रेडिट ग्रोथ मजबूत
जानकारों का कहना है कि PSU बैंकों में क्रेडिट और डिपॉजिट ग्रोथ भी मजबूत बनी हुई है, जिससे शेयरों को सहारा मिल रहा है।
हालांकि, तेज बढ़त के बाद PSU बैंकों में गिरावट का जोखिम भी रहता है। PSU बैंक फिलहाल निवेशकों के लिए रणनीतिक या टैक्टिकल मौका हैं, जबकि निजी बैंक लंबे समय के लिए मजबूत विकल्प बने हुए हैं।
साफ बैलेंस शीट और बेहतर ग्रोथ से PSU बैंकों में आगे भी अल्फा की संभावना बनी हुई है।