Loading...
अडाणी समूह के शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही तेजी? जानिए कारण
अडाणी समूह के शेयरों में आज दिखी तेजी

अडाणी समूह के शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही तेजी? जानिए कारण

Aug 11, 2026
12:27 pm

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में अडाणी समूह के शेयरों में आज (11 अगस्त) को तेजी देखने को मिल रही है। बाजार में कारोबार जारी रहने के दौरान अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों में 0.55 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली है। वहीं, अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडाणी एंटरप्राइजेज और अडाणी पोर्ट्स के शेयरों में भी 0.42 फीसदी तक तेजी दर्ज हुई है। इसके अलावा, अडाणी टोटल गैस के शेयर भी बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।

वजह

क्या है तेजी की वजह?

अडाणी समूह के शेयरों में तेजी की प्रमुख वजह अमेरिका की अदालत का फैसला माना जा रहा है।

अदालत ने गौतम अडाणी और सागर अडाणी के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामले को खारिज कर दिया है। इसके साथ ही अडाणी ग्रीन एनर्जी के पूर्व अधिकारी विनीत एस. जैन के खिलाफ मामला भी खत्म हो गया।

इस फैसले को समूह के लिए बड़ी कानूनी राहत के तौर पर देखा जा रहा है और इसका असर बाजार में भी दिख रहा है।

मामला

2024 में लगाए गए थे गंभीर आरोप

अमेरिकी अभियोजकों ने नवंबर, 2024 में गौतम, सागर और अन्य लोगों पर सौर ऊर्जा ठेके हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को करीब 25 करोड़ डॉलर (लगभग 24,000 करोड़ रुपये) की कथित रिश्वत देने की योजना का आरोप लगाया था।

इन ठेकों से 20 वर्षों में कर कटौती के बाद 2 अरब डॉलर से ज्यादा मुनाफे का अनुमान बताया गया था। अभियोजकों के अनुसार, समूह ने अमेरिकी बाजार में कर्ज और बॉन्ड से 3 बिलियन डॉलर से ज्यादा जुटाए थे।

ADVERTISEMENT

अन्य

अडाणी समूह ने आरोपों को बताया था बेबुनियाद

अडाणी समूह ने शुरुआत से ही आपराधिक आरोपों को खारिज किया और सभी लागू कानूनों का पालन करने की बात कही थी।

अदालत ने अभियोजन पक्ष से मामला खत्म करने के फैसले पर स्पष्टीकरण लेने के बाद इसे मंजूरी दी। हालांकि, मामला खारिज होना आरोपों की सच्चाई पर अदालत का फैसला नहीं है।

वहीं, अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग के दीवानी मामले में गौतम को 30 दिनों के भीतर करीब 60 करोड़ रुपये का नागरिक जुर्माना देना होगा।

ADVERTISEMENT