कौन हैं यश पाटिल? जिनका स्टार्टअप 4.5 अरब डॉलर में खरीद रही पालो ऑल्टो नेटवर्क्स
क्या है खबर?
भारतीय मूल के अमेरिकी उद्यमी यश पाटिल का एक साल पुराना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप एप्लाइड कंप्यूट 4.5 अरब डॉलर (लगभग 420 अरब रुपये) में बिकने जा रहा है। साइबर सुरक्षा क्षेत्र की बड़ी कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स इसका अधिग्रहण करेगी। इससे पहले नवंबर की शुरुआत में एप्लाइड कंप्यूट ने 3.25 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर 35 करोड़ डॉलर की फंडिंग जुटाई थी। कंपनी का सालाना रेवेन्यू रन रेट 10 करोड़ डॉलर बताया गया है।
परिचय
कौन हैं यश पाटिल?
पाटिल की उम्र 23 साल है और उनका जन्म भारतीय प्रवासी माता-पिता के घर हुआ। उनका पालन-पोषण अमेरिका के ऑस्टिन में हुआ।
उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई शुरू की, लेकिन 2023 में 20 साल की उम्र में पढ़ाई छोड़कर OpenAI से जुड़ गए। वहां उन्होंने AI मॉडल और कोडिंग असिस्टेंट को विकसित करने वाली तकनीक पर काम किया।
बाद में उन्होंने अपने साथियों रिदम गर्ग और लिंडेन ली के साथ एप्लाइड कंप्यूट की स्थापना की।
कीमत
अरबों डॉलर तक पहुंची कंपनी
पाटिल और उनके साथियों ने मई, 2025 में OpenAI छोड़कर एप्लाइड कंप्यूट पर काम शुरू किया।
कंपनी ऐसा तकनीकी ढांचा तैयार करती है, जिससे कारोबारी संस्थान अपने निजी डाटा के आधार पर AI मॉडल को अपनी जरूरत के मुताबिक बेहतर बना सकें। इसके ग्राहकों में एनवीडिया, डोरडैश और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां शामिल हैं।
डोरडैश के लिए इसने ऐसा AI मॉडल बनाया, जो रेस्टोरेंट को अपने मेन्यू तैयार करने में मदद करता है।
अन्य
पालो ऑल्टो नेटवर्क्स को क्यों पसंद आया स्टार्टअप?
पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के मुताबिक, इस अधिग्रहण से उसे एप्लाइड कंप्यूट का AI प्लेटफॉर्म और उसकी रिसर्च टीम मिलेगी।
कंपनी चाहती है कि कारोबारी संस्थान अलग-अलग AI मॉडल का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल कर सकें। अधिग्रहण के बाद यश पाटिल पालो ऑल्टो नेटवर्क्स में सह-मुख्य AI अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उनके साथ एप्लाइड कंप्यूट की बाकी टीम भी कंपनी में शामिल होगी। पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के CEO निकेश अरोड़ा ने इस तकनीक की तारीफ की है।