कौन हैं TVS मोटर के नए CEO पेमैन कारगर? जनवरी से संभालेंगे पदभार
क्या है खबर?
TVS मोटर कंपनी ने बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने शुक्रवार को पेमैन कारगर को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया। वह के एन राधाकृष्णन की जगह लेंगे और 27 जनवरी, 2027 से पद संभालेंगे। तब तक राधाकृष्णन ही CEO बने रहेंगे। कंपनी के मुताबिक, यह बदलाव TVS के अंतरराष्ट्रीय कारोबार और विकास योजनाओं के लिए अहम है। कारगर की नियुक्ति से कंपनी को वैश्विक कारोबार बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
परिचय
कौन हैं पेमैन कारगर?
पेमैन कारगर TVS इंटरनेशनल के अध्यक्ष हैं और अप्रैल, 2025 में कंपनी से जुड़े।
इससे पहले वह निसान के लग्जरी ब्रांड इनफिनिटी के वैश्विक अध्यक्ष और प्रमुख रहे हैं। उनके पास वाहन उद्योग में 30 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने यूरोप, एशिया और मध्य पूर्व में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।
निसान में उन्होंने अफ्रीका, मध्य पूर्व और भारत क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने उत्पाद, बिक्री और निर्माण जैसे कामों का नेतृत्व किया है।
कारोबार
TVS के अंतरराष्ट्रीय कारोबार को बढ़ाया
कंपनी के अनुसार, कारगर के नेतृत्व में TVS का अंतरराष्ट्रीय कारोबार तेजी से बढ़ा है।
वैश्विक कारोबार कुल बिक्री में करीब 29 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है और 33 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। पिछले वित्त वर्ष में TVS मोटर ने 59 लाख वाहन बेचे थे।
इस दौरान कंपनी के राजस्व में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई। कारगर ने इनफिनिटी में उत्पाद, शोध, निर्माण और बिक्री से जुड़े काम भी संभाले थे।
निदेशक
राधाकृष्णन निदेशक बने रहेंगे
कारगर के पद संभालने के बाद के एन राधाकृष्णन जुलाई, 2027 की सालाना आम बैठक तक गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कंपनी से जुड़े रहेंगे।
कारगर रेनॉल्ट-निसान-मित्सुबिशी गठबंधन के प्रबंधन बोर्ड में वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सलाहकार रहे हैं। उन्होंने लंदन बिजनेस स्कूल से 2013 में MBA की डिग्री हासिल की।
इसके अलावा, उन्होंने INSA डी ल्यों से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। कारगर ने कई देशों में वाहन कारोबार में काम किया है।