कौन हैं चिरंतन देसाई? MongoDB में CEO पद छोड़ मेटा में हुए शामिल
क्या है खबर?
MongoDB के CEO चिरंतन सीजे देसाई कंपनी छोड़कर मेटा में शामिल हो गए हैं। वह मेटा में नए एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे और सीधे CEO मार्क जुकरबर्ग को रिपोर्ट करेंगे। देसाई ने एक साल से भी कम समय पहले MongoDB के CEO का पद संभाला था। मेटा में वह कंपनी की AI तकनीक को कारोबारों के लिए इस्तेमाल होने वाले उत्पादों और सेवाओं में बदलने पर काम करेंगे। इससे मेटा की एंटरप्राइज AI रणनीति को बढ़ावा मिलेगा।
परिचय
कौन हैं चिरंतन देसाई?
देसाई ने अपने शुरुआती साल भारत में बिताए और 1993 में पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए। 1995 में उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय अर्बाना-शैंपेन से कंप्यूटर साइंस और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है।
इसके बाद उन्होंने ओरेकल से करियर शुरू किया और कंपनी की शुरुआती क्लाउड सेवा पर काम किया। आगे उन्होंने सिमेंटेक, EMC और सर्विसनाउ जैसी कंपनियों में नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभालीं।
सर्विसनाउ में उन्होंने उत्पाद, इंजीनियरिंग और AI टीमों की देखरेख की थी।
एंटरप्राइज AI
मेटा का एंटरप्राइज AI पर बढ़ा ध्यान
मेटा ने देसाई को ऐसे समय में अपने साथ जोड़ा है, जब कंपनी कारोबारों के लिए AI सेवाएं बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
देसाई की जिम्मेदारी मेटा की AI तकनीक को कंपनियों के लिए इस्तेमाल करने योग्य उत्पादों और सेवाओं में बदलना होगी। मेटा पहले भी बिजनेस ग्राहकों को ध्यान में रखकर वर्कप्लेस जैसे उत्पाद ला चुकी है।
कंपनी का बड़ा विज्ञापन कारोबार भी उसे लाखों कारोबारों के साथ पहले से जुड़ने का मौका देता है।
अन्य
MongoDB में देव इट्चेरिया की वापसी
देसाई के जाने के बाद MongoDB ने कंपनी के पूर्व CEO देव इट्चेरिया को अंतरिम CEO और प्रेसिडेंट बनाया है।
कंपनी अब स्थायी CEO की तलाश करेगी। देसाई 2024 में क्लाउडफ्लेयर से MongoDB पहुंचे थे और उससे पहले सर्विसनाउ में करीब आठ साल काम कर चुके थे। उन्होंने ओरेकल, सिमेंटेक और EMC में भी जिम्मेदारियां संभाली थीं।
MongoDB डाटाबेस सॉफ्टवेयर और डाटा प्रबंधन से जुड़े उत्पाद बनाती है, जिनका इस्तेमाल कंपनियां एप्लिकेशन और AI सेवाओं के लिए करती हैं।