कौन हैं अनिल चक्रवर्ती? शांतनु नारायण ने बाद बनेंगे एडोब के CEO
क्या है खबर?
एडोब ने भारतीय मूल के एग्जीक्यूटिव अनिल चक्रवर्ती को कंपनी का अगला प्रेसिडेंट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाने का ऐलान किया है। वह 1 दिसंबर, 2026 से जिम्मेदारी संभालेंगे और शांतनु नारायण की जगह लेंगे। नारायण 18 साल से ज्यादा समय तक कंपनी का नेतृत्व करने के बाद एग्जीक्यूटिव चेयर की भूमिका में जाएंगे। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब एडोब को AI की तेज तरक्की और बढ़ते मुकाबले के बीच अपनी रणनीति मजबूत करनी है।
परिचय
कौन हैं अनिल चक्रवर्ती?
चक्रवर्ती अभी एडोब के कस्टमर एक्सपीरियंस ऑर्केस्ट्रेशन बिजनेस के प्रेसिडेंट हैं।
वह जनवरी, 2020 में कंपनी से जुड़े और शुरुआत में डिजिटल एक्सपीरियंस बिजनेस संभाला था। बाद में उन्हें दुनियाभर के फील्ड ऑपरेशंस की जिम्मेदारी भी मिली। उनके नेतृत्व में कंपनी ने रियल टाइम डाटा और AI की मदद से ग्राहकों के लिए बेहतर डिजिटल अनुभव देने वाले प्रोडक्ट आगे बढ़ाए।
एडोब से पहले वह इंफॉर्मेटिका के CEO रह चुके हैं और कई टेक कंपनियों में काम कर चुके हैं।
पढ़ाई
पढ़ाई से लेकर एडोब तक का सफर
चक्रवर्ती ने IIT-BHU से कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। इसके बाद उन्होंने MIT से मास्टर डिग्री और पीएचडी की।
एडोब में उन्होंने AI कस्टमर एक्सपीरियंस प्रोडक्ट्स के विकास में अहम भूमिका निभाई है। वर्कफ्रंट और सेमरश के अधिग्रहण और उन्हें एडोब के कारोबार में जोड़ने में भी उनका योगदान रहा है।
कंपनी ने उन्हें अनुभवी लीडर बताया है। चक्रवर्ती ने कहा कि वह एजेंटिक सॉफ्टवेयर के नए दौर में कंपनी की ग्रोथ बढ़ाने को लेकर उत्साहित हैं।
डेविड वाधवानी
डेविड वाधवानी भी छोड़ रहे एडोब
इस बदलाव के साथ एडोब के एक अन्य अधिकारी डेविड वाधवानी भी कंपनी छोड़ रहे हैं।
वह क्रिएटिविटी और प्रोडक्टिविटी बिजनेस संभालते थे और करीब पांच साल से कंपनी में थे। मार्च, 2026 में नारायण के पद छोड़ने की घोषणा के बाद चक्रवर्ती और वाधवानी को नए CEO पद के प्रमुख दावेदार माना जा रहा था।
अब नारायण नई भूमिका में चक्रवर्ती के साथ काम करेंगे। कंपनी को उम्मीद है कि बदलाव AI दौर में कारोबार को नई दिशा देगा।