Loading...
कौन हैं दिनेश ठक्कर, जिन्होंने जुहू में खरीदा 711 करोड़ रुपये का रिहायशी टावर?
दिनेश ठक्कर ने खरीदा 711 करोड़ रुपये का टावर

कौन हैं दिनेश ठक्कर, जिन्होंने जुहू में खरीदा 711 करोड़ रुपये का रिहायशी टावर?

Sep 23, 2026
02:02 pm

क्या है खबर?

एंजेल वन के संस्थापक और चेयरमैन दिनेश ठक्कर ने मुंबई के जुहू में करीब 711 करोड़ रुपये में एक पूरा लग्जरी रिहायशी टावर खरीदने का सौदा किया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, यह टावर जुहू तारा रोड पर बने एम्बेसी टेराज़ा प्रोजेक्ट का हिस्सा है। एम्बेसी डेवलपमेंट्स ने इस सौदे को भारत की सबसे बड़ी एकल रिहायशी प्रॉपर्टी डील बताया है। ठक्कर ने एक फ्लैट के बजाय पूरी इमारत खरीदी है, जिसका कारपेट एरिया करीब 63,000 वर्ग फीट है।

परिचय

कौन हैं दिनेश ठक्कर?

ठक्कर एंजेल वन के संस्थापक, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनका जन्म मुंबई के मुलुंड में कपड़ा कारोबार से जुड़े परिवार में हुआ था।

उन्होंने ठाणे के सेंट जॉन द बैप्टिस्ट हाई स्कूल से पढ़ाई की और बाद में मुंबई के किशनचंद चेलाराम कॉलेज में साइंस की पढ़ाई की। हालांकि, उन्होंने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी और शेयर बाजार में काम शुरू किया।

साल 1996 में उन्होंने एंजेल वन की शुरुआत की और कंपनी के कारोबार को आगे बढ़ाया।

टावर

कैसा है खरीदा गया पूरा टावर?

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, दिनेश ठक्कर ने जिस टावर को खरीदा है, वह आठ मंजिल का है और इसका कारपेट एरिया करीब 63,000 वर्ग फीट है।

यह दो एकड़ से ज्यादा जमीन पर बने पांच टावर वाले बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा है। रिपोर्ट के अनुसार, सौदा करीब 1.13 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से हुआ है।

पूरे एम्बेसी टेराज़ा प्रोजेक्ट में करीब 50 घर बनाने की योजना है। इसकी कुल अनुमानित कीमत 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

ADVERTISEMENT

प्रोजेक्ट

प्रोजेक्ट बाद में होगा तैयार

यह खरीद डील हो चुकी है, लेकिन टावर अभी तैयार नहीं हुआ है।

एम्बेसी डेवलपमेंट्स के मुताबिक, ठक्कर ऐसे घर की तलाश में थे, जहां परिवार को ज्यादा जगह, प्राइवेसी और समुद्र का शानदार नजारा मिल सके। उन्होंने इस प्रॉपर्टी को लंबे समय के लिए अपने परिवार का घर और निजी जगह बताया है।

प्रोजेक्ट के दिसंबर, 2031 तक पूरा होने की उम्मीद है। ठक्कर अभी इस टावर में नहीं रह रहें, बल्कि इसके तैयार होने के बाद यहां रहेंगे।

ADVERTISEMENT

अन्य

महंगी कारों और फिटनेस का भी शौक

ठक्कर के कारोबार के अलावा उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल भी चर्चा में रहती है।

उनकी सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें महंगी कारों के साथ देखा जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका नाम लैम्बोर्गिनी हुराकैन परफॉर्मेंट, फेरारी 488 पिस्टा और पोर्श GT3 RS जैसी कारों से जुड़ा है।

उन्हें स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का भी शौक बताया जाता है। वह भारत और विदेशों में रोड ट्रिप और छुट्टियों की तस्वीरें शेयर करते हैं, जिनमें परिवार के साथ बिताए पल भी नजर आते हैं।

ADVERTISEMENT