LOADING...
कौन हैं OpenAI से एंथ्रोपिक में शामिल होने वाले AI रिसर्चर आंद्रेज कारपैथी?
एंथ्रोपिक ने मशहूर AI रिसर्चर आंद्रेज कारपैथी को अपनी टीम में शामिल किया है

कौन हैं OpenAI से एंथ्रोपिक में शामिल होने वाले AI रिसर्चर आंद्रेज कारपैथी?

May 20, 2026
06:31 pm

क्या है खबर?

एंथ्रोपिक ने मशहूर AI रिसर्चर आंद्रेज कारपैथी को अपनी टीम में शामिल किया है। कारपैथी पहले OpenAI और टेस्ला जैसी बड़ी कंपनियों में अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह फिर से AI रिसर्च और डेवलपमेंट पर काम करने जा रहे हैं। AI की दुनिया में उनका नाम बड़े विशेषज्ञों में गिना जाता है। डीप लर्निंग और लार्ज लैंग्वेज मॉडल के क्षेत्र में उनका बड़ा योगदान माना जाता है।

पढ़ाई

पढ़ाई के दौरान AI रिसर्च पर रहा फोकस

कारपैथी ने यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो से कंप्यूटर साइंस और फिजिक्स में बैचलर डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिटिश कोलंबिया से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री पूरी की। बाद में उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में पीएचडी की। उनकी रिसर्च न्यूरल नेटवर्क, कंप्यूटर विजन और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग पर केंद्रित रही। स्टैनफोर्ड में उन्होंने लोकप्रिय AI कोर्स CS231n भी पढ़ाया, जिसे दुनियाभर के छात्रों ने काफी पसंद किया।

करियर

OpenAI और टेस्ला में निभाई बड़ी भूमिका

कारपैथी 2016 में OpenAI के शुरुआती रिसर्च साइंटिस्ट में शामिल हुए थे। वहां उन्होंने जेनरेटिव AI मॉडल और डीप रीइन्फोर्समेंट लर्निंग पर काम किया। इसके बाद वह 2017 में टेस्ला पहुंचे और AI के सीनियर डायरेक्टर बने। टेस्ला में उन्होंने ऑटोपायलट और फुल सेल्फ ड्राइविंग सिस्टम की AI टीम को लीड किया। इससे पहले वह गूगल और गूगल डीपमाइंड में भी रिसर्च इंटर्न के तौर पर काम कर चुके हैं और कई बड़े AI प्रोजेक्ट से जुड़े रहे हैं।

Advertisement

इंडस्ट्री

AI इंडस्ट्री में बड़ा नाम

कारपैथी को मशीन लर्निंग, कंप्यूटर विजन, इमेज प्रोसेसिंग और जेनरेटिव AI का विशेषज्ञ माना जाता है। उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 500 करोड़ रुपये से 1,400 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वह AI ट्यूटोरियल, कोडिंग लेसन और ऑनलाइन एजुकेशन वीडियो के लिए भी काफी लोकप्रिय हैं। AI इंडस्ट्री में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें प्रभावशाली तकनीकी विशेषज्ञों में शामिल किया जाता है और दुनियाभर में उनकी मजबूत पहचान है।

Advertisement