कौन हैं एयर इंडिया के नए CEO टेवोल्डे गेब्रेमारियम?
क्या है खबर?
टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया ने अपने नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने 5 अगस्त, 2026 को टेवोल्डे गेब्रेमारियम को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त करने की घोषणा की। वह कैंपबेल विल्सन की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। एयर इंडिया का कहना है कि उनका वैश्विक अनुभव और नेतृत्व क्षमता कंपनी को विकास के अगले चरण में ले जाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
परिचय
कौन हैं टेवोल्डे गेब्रेमारियम?
गेब्रेमारियम को दुनिया के कुछ सबसे प्रमुख विमानन विशेषज्ञों में माना जाता है।
उन्होंने 10 वर्ष से अधिक समय तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया और उसे वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई।
प्रबंधन और एयरलाइन संचालन में उनके लंबे अनुभव की वजह से उन्हें अंतरराष्ट्रीय विमानन उद्योग में सफल और भरोसेमंद नेतृत्वकर्ता के रूप में जाना जाता है।
पहचान
उनके नेतृत्व में कंपनी ने बनाई नई पहचान
इथियोपियन एयरलाइंस का राजस्व गेब्रेमारियम के कार्यकाल में चार गुना से भी अधिक बढ़ा है, जबकि कंपनी के विमानों का बेड़ा करीब तीन गुना हो गया।
उनके नेतृत्व में ही यह एयरलाइन कंपनी अफ्रीका की सबसे बड़ी, सबसे अधिक लाभ कमाने वाली और प्रतिष्ठित एयरलाइन कंपनियों में शामिल हुई।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार, सुरक्षा मानकों में सुधार और परिचालन क्षमता बढ़ाने जैसे कई महत्वपूर्ण फैसलों का सफल नेतृत्व किया।
भविष्य
एयर इंडिया के भविष्य पर रहेगा फोकस
एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि कंपनी अब शुरुआती बदलावों का दौर पूरा कर चुकी है और तेज विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रही है।
वहीं, गेब्रेमारियम ने कहा कि एयर इंडिया का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह कर्मचारियों, प्रबंधन और सभी साझेदारों के साथ मिलकर कंपनी की सेवाओं, परिचालन विश्वसनीयता, भारतीय मेहमाननवाजी और वैश्विक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।