कब जारी किया जाता है ITR इंटीमेशन और क्या इसका जवाब देना जरूरी?
क्या है खबर?
इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल करने के बाद आयकर विभाग उसकी जांच-पड़ताल करता है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद करदाताओं को धारा 143(1) के तहत इंटीमेशन भेजा जाता है। यह दस्तावेज इस बात की पुष्टि करता है कि आपका ITR विभाग की ओर से जांचा और प्रोसेस किया जा चुका है। इसमें आपके द्वारा दी गई और विभाग की गणना के अनुसार आय से जुड़ी जानकारी होती है। आइये जानते हैं क्या ITR इंटीमेशन का जवाब देना जरूरी है।
जवाब
इस स्थिति में देना होता है जवाब
ITR इंटीमेशन में आय से जुड़ी सभी जानकारियां 2 भागों में दिखाई जाती है। एक में आयकरदाता ने रिटर्न में दर्ज की हैं और दूसरी, जो विभाग की गणना के अनुसार है। इन दोनों में कोई अंतर नहीं होता है तो इंटीमेशन का जवाब देने की जरूरत नहीं होती। गणना में फर्क हो तो इसका जवाब देना जरूरी होता है। कुछ मामलों में अतिरिक्त टैक्स चुकाना पड़ सकता है, जबकि कुछ मामलों में रिफंड भी बढ़ या घट सकता है।
प्राप्त
कहां आएगा इंटीमेशन?
इंटीमेशन आपकी रजिस्टर्ड ईमेल ID पर भेजा जाता है। साथ में रजिस्टर्ड मोबाइल पर SMS अलर्ट भी मिलता है। आमतौर पर यह ITR भरने के कुछ सप्ताह में आ जाता है, लेकिन नियम के मुताबिक वित्त वर्ष के खत्म होने के 9 महीने के अंदर इसको आयकरदाता को भेजना अनिवार्य है। इंटिमेशन एक पासवर्ड प्रोटेक्टेड PDF फाइल के रूप में आता है। पासवर्ड के लिए आयकरदाता अपना पैन नंबर और जन्मतिथि को मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
जवाब
ऐसे दे सकते हैं जवाब
अगर इंटीमेशन में अतिरिक्त टैक्स की डिमांड की गई है या एडजस्टमेंट्स या रिफंड की गणना आपके हिसाब से गलत है तो आपको जवाब देना होगा। सबसे पहले नोटिस में बताई गई वजहें पढ़ें। हो सकता है विभाग को आपकी जानकारी बेमेल मिली हो। इसका जवाब देने के लिए स्पष्टीकरण और उसकी पुष्टि करने वाले दस्तावेज- सैलरी स्लिप या बैंक स्टेटमेंट तैयार करें। जवाब ऑनलाइन ई-फाइलिंग पोर्टल के माध्यम से दे सकते हैं।