OpenAI इस साल कब तक लॉन्च कर सकती है अपना IPO?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI अपनी IPO लॉन्च करने की तैयारी में लगी हुई है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इसके लिए मॉर्गन स्टेनली और गोल्डमैन सैक्स के साथ मिलकर कंपनी जरूरी दस्तावेज तैयार कर रही है। ChatGPT बनाने वाली यह कंपनी इस समय दुनिया की सबसे चर्चित AI कंपनियों में गिनी जाती है। माना जा रहा है कि OpenAI का IPO इस साल टेक सेक्टर की सबसे बड़ी वित्तीय घटनाओं में शामिल हो सकता है।
अनुमानित समय
कब तक आ सकता है OpenAI का IPO?
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर सभी तैयारियां समय पर पूरी होती हैं और बाजार की स्थिति अनुकूल रहती है, तो OpenAI सितंबर, 2026 तक अपना IPO लॉन्च कर सकती है। कंपनी अभी फाइलिंग के सही समय पर नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि OpenAI की वैल्यू प्राइवेट मार्केट में करीब 852 अरब डॉलर (लगभग 82,000 अरब रुपये) पहुंच चुकी है। कंपनी की संभावित लिस्टिंग को लेकर निवेशकों के बीच काफी उत्साह बना हुआ है।
प्रतिस्पर्धा
AI सेक्टर में तेजी से बढ़ रही प्रतिस्पर्धा
OpenAI के साथ-साथ दूसरी AI कंपनियां भी बाजार में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। मस्क की स्पेस-X भी IPO लाने की तैयारी में है, जबकि एंथ्रोपिक जैसी AI कंपनियां भी पब्लिक होने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं। आने वाले समय में AI सेक्टर में प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है। बड़ी टेक कंपनियां AI टेक्नोलॉजी पर लगातार भारी निवेश कर रही हैं, जिससे इस सेक्टर का बाजार तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है।
लोकप्रियता
ChatGPT की लोकप्रियता से मजबूत हुई कंपनी
OpenAI को ChatGPT की लोकप्रियता का बड़ा फायदा मिला है। कंपनी के पास इस समय 90 करोड़ से ज्यादा साप्ताहिक सक्रिय यूजर बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि AI बाजार में कंपनी की पकड़ मजबूत बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार OpenAI इस साल पहले ही करीब 122 अरब डॉलर (लगभग 11,800 अरब रुपये) की बड़ी फंडिंग जुटा चुकी है। गूगल और दूसरी AI कंपनियों से मुकाबले के बावजूद OpenAI लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रही है।