LOADING...
EPFO का स्कीम सर्टिफिकेट क्या है, नौकरी छोड़ने वालों के लिए क्यों है जरूरी?
EPFO का स्कीम सर्टिफिकेट जरुरी दस्तावेज है

EPFO का स्कीम सर्टिफिकेट क्या है, नौकरी छोड़ने वालों के लिए क्यों है जरूरी?

Jul 01, 2026
08:15 am

क्या है खबर?

नौकरी छोड़ते समय कर्मचारी आमतौर पर PF ट्रांसफर, रिलीविंग लेटर और दूसरी औपचारिकताओं पर ध्यान देते हैं, लेकिन EPFO का स्कीम सर्टिफिकेट अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। यह छोटा सा दस्तावेज भविष्य में पेंशन पाने के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। अगर आप कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के सदस्य हैं, तो यह आपकी पेंशन से जुड़ी सेवा का रिकॉर्ड सुरक्षित रखता है और आगे चलकर पेंशन क्लेम करने में बड़ी मदद करता है।

#1

स्कीम सर्टिफिकेट क्यों है जरूरी?

EPFO का स्कीम सर्टिफिकेट बताता है कि आपने कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में कितने वर्षों तक योगदान दिया है। इसमें आपके परिवार के पात्र सदस्यों की जानकारी भी दर्ज रहती है। अगर आप पेंशन पाने की उम्र से पहले नौकरी छोड़ देते हैं, तो यह दस्तावेज आपकी पेंशन सेवा को सुरक्षित रखता है। बाद में दोबारा EPF वाली नौकरी मिलने पर यही रिकॉर्ड आपकी पेंशन अवधि में जोड़ा जा सकता है और पुरानी सेवा का लाभ मिलता है।

#2

10 साल से कम नौकरी वालों के लिए भी फायदेमंद

कई लोगों को लगता है कि स्कीम सर्टिफिकेट सिर्फ 10 साल या उससे अधिक सेवा करने वालों के लिए होता है, लेकिन ऐसा नहीं है। 10 साल से कम सेवा करने वाले कर्मचारी भी पेंशन की राशि निकालने के बजाय स्कीम सर्टिफिकेट लेने का विकल्प चुन सकते हैं। इससे उनकी पेंशन सेवा सुरक्षित रहती है और भविष्य में किसी EPF कवर वाली नौकरी में शामिल होने पर उसी सेवा को आगे जोड़ा जा सकता है।

Advertisement

#3

ऐसे करें आवेदन और संभालकर रखें

स्कीम सर्टिफिकेट के लिए कर्मचारी फॉर्म 10C के जरिए EPFO पोर्टल पर बहुत ही आसानी से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले अपनी व्यक्तिगत और परिवार से जुड़ी सभी जानकारी सही होने की जांच जरुर कर लें। सर्टिफिकेट मिलने के बाद इसकी डिजिटल और प्रिंट दोनों कॉपी सुरक्षित रखें। पेंशन क्लेम के समय यही दस्तावेज आपकी पात्रता तय करने और पेंशन की गणना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Advertisement