LOADING...
इंडिया पोस्ट का नया डिलीवरी सिस्टम 'ध्रुव' क्या है?
भारत में चिट्ठियों और पार्सल डिलीवरी का तरीका जल्द बदल सकता है

इंडिया पोस्ट का नया डिलीवरी सिस्टम 'ध्रुव' क्या है?

May 09, 2026
05:55 pm

क्या है खबर?

भारत में चिट्ठियों और पार्सल डिलीवरी का तरीका जल्द बदल सकता है। इंडिया पोस्ट एक नए डिजिटल सिस्टम ध्रुव पर काम कर रहा है, जिसमें लंबे पते की जगह छोटी डिजिटल ID इस्तेमाल होगी। मनोरमा की रिपोर्ट के अनुसार, डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट्स ने इसका पहला ट्रायल भी पूरा कर लिया है। पांच राज्यों में करीब 30 लोगों के साथ इसकी टेस्टिंग की गई। इस दौरान स्पीड पोस्ट पार्सल सिर्फ नाम और डिजिटल ID के जरिए सही जगह तक पहुंचाए गए।

सिस्टम

ध्रुव क्या है और क्यों खास?

डिजिटल हब फॉर रेफरेंस एंड यूनिक वर्चुअल एड्रेस (ध्रुव) सिस्टम लोगों को ईमेल ID जैसी डिजिटल एड्रेस सुविधा देगा। इसमें घर का पूरा पता, सड़क, मोहल्ला और पिन कोड लिखने की जरूरत नहीं होगी। हर व्यक्ति को एक खास डिजिटल ID मिलेगी, जिसमें उसकी लोकेशन की जानकारी जुड़ी रहेगी। सरकार का मानना है कि इससे गलत पते और अधूरी जानकारी के कारण होने वाली डिलीवरी की दिक्कतें काफी कम हो सकती हैं और पोस्टल सिस्टम तेज बनेगा।

डिलीवरी

डिजीपिन की मदद से होगी डिलीवरी

इस सिस्टम में डिजीपिन सबसे अहम हिस्सा है। यह एक डिजिटल पोस्टल इंडेक्स नंबर है, जो छोटे-छोटे ग्रिड के जरिए किसी जगह की सटीक पहचान करता है। हर जगह को अलग अल्फान्यूमेरिक कोड दिया जाएगा। लोग इसे आसान डिजिटल ID में बदल सकेंगे। जब कोई पार्सल भेजेगा, तब पोस्टल कर्मचारी GPS की मदद से सही लोकेशन तक पहुंच पाएंगे। अगर कोई व्यक्ति घर बदलता है, तब भी उसकी डिजिटल ID वही रह सकती है, केवल लोकेशन अपडेट करनी होगी।

Advertisement

फायदा

गांव और दूरदराज इलाकों को फायदा

सरकार का मानना है कि ध्रुव सिस्टम गांवों, जंगलों, पहाड़ी इलाकों और उन जगहों में ज्यादा मदद करेगा, जहां साफ पते नहीं होते। इससे पार्सल पहुंचाने में लगने वाला समय और भ्रम दोनों कम हो सकते हैं। डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट्स अभी इस सिस्टम के लिए बड़ा डिजिटल एड्रेस फ्रेमवर्क भी तैयार कर रहा है। लोगों से सुझाव लेने के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। जल्द इस नई डिजिटल डिलीवरी सेवा को देशभर में शुरू किया जा सकता है।

Advertisement