वॉल्ट डिज्नी कर रही छंटनी, 1,000 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
क्या है खबर?
दुनिया की जानी-मानी मनोरंजन कंपनी वॉल्ट डिज्नी बड़े स्तर पर अपने कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी करीब 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। यह कदम कंपनी के अंदर बड़े बदलाव और खर्च कम करने की योजना के तहत उठाया गया है। इस फैसले से कंपनी के कई हिस्सों में काम करने वाले कर्मचारियों पर असर पड़ने की संभावना है और आगे भी बदलाव जारी रह सकते हैं।
असर
कई विभागों पर पड़ेगा सीधा असर
इस छंटनी का असर कंपनी के कई बड़े विभागों पर पड़ेगा। इसमें पारंपरिक टेलीविजन बिजनेस, जिसमें ESPN भी शामिल है, मूवी स्टूडियो, प्रोडक्ट और टेक्नोलॉजी टीम शामिल हैं। इसके अलावा, कुछ कॉर्पोरेट कामों में लगे कर्मचारी भी प्रभावित होंगे। कंपनी अपने कामकाज को आसान और तेज बनाने के लिए इन बदलावों को लागू कर रही है, ताकि नए दौर की जरूरतों के हिसाब से खुद को ढाल सके।
वजह
बदलती इंडस्ट्री के कारण लिया गया फैसला
कंपनी के नए प्रमुख जोश डी'अमारो ने कहा कि यह कदम तेजी से बदलती इंडस्ट्री को देखते हुए उठाया गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी अपने ऑपरेशन को सरल बनाकर बेहतर क्रिएटिविटी और नई तकनीक पर ध्यान देना चाहती है। उनका कहना है कि आने वाले समय में एक ऐसी टीम बनाना जरूरी है, जो ज्यादा फुर्तीली हो और नई तकनीकों के साथ बेहतर तरीके से काम कर सके।
अन्य
पहले भी हो चुकी है बड़ी कटौती
यह पहली बार नहीं है जब डिज्नी में इतनी बड़ी छंटनी हो रही है। इससे पहले 2022 में भी कंपनी ने करीब 8,000 कर्मचारियों की नौकरी खत्म की थी। 2025 के अंत तक कंपनी में लगभग 2.3 लाख कर्मचारी थे। वहीं, हॉलीवुड की अन्य कंपनियां भी इसी तरह के कदम उठा रही हैं, जिससे साफ है कि पूरी इंडस्ट्री में बदलाव का दौर चल रहा है और कंपनियां खुद को नए हालात के अनुसार ढाल रही हैं।