नोएडा हवाई अड्डे पर घरेलू यात्रियों को देनी होगी 490 रुपये यूजर डेवलपमेंट फीस
क्या है खबर?
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने-जाने वाले यात्रियों को यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) देनी होगी। हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (AERA) ने प्रस्थान करने वाले घरेलू यात्रियों के लिए 490 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 980 रुपये फीस निर्धारित की है। दूसरी तरफ यहां आगमन करने वाले घरेलू यात्रियों से 210 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से 420 रुपये वसूले जाएंगे। यह UDF शुल्क 2026-27 की अवधि के लिए निर्धारित किया गया है।
दर
संचालक के प्रस्ताव से कम रखी फीस
AERA ने बताया कि यहां से जाने वाले घरेलू यात्री के लिए UDF 490 रुपये तय किया गया है, जबकि हवाई अड्डा संचालक यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) द्वारा प्रस्तावित यह शुल्क 653 रुपये था। इसी प्रकार प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय यात्री के लिए UDF 980 रुपये है, जो संचालक द्वारा मांगे गए 1,200 रुपये से कम है। नियामक ने कहा, "ये दरें अगस्त, 2025 में जारी किए गए शुल्क आदेश में तय की गई दरों के समान हैं।"
बढ़ोतरी
2031 तक के लिए टैरिफ को दी मंजूरी
हवाई अड्डे के टैरिफ नियामक ने पहली नियंत्रण अवधि (2026-2031) के लिए टैरिफ को मंजूरी दे दी है, जिसके दौरान प्रस्थान करने वाले और आने वाले घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए UDF धीरे-धीरे बढ़ेगा। पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल की सहायक कंपनी YIAPL हवाई अड्डे का संचालन करेगी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का उद्घाटन 28 मार्च को हुआ था और यहां से 15 जून से व्यावसायिक परिचालन शुरू होगा।