अपग्रेड खरीदेगी प्रतिद्वंद्वी एडटेक कंपनी अनएकेडमी, शेयरों के जरिए होगा सौदा
क्या है खबर?
एडटेक कंपनी अपग्रेड ने प्रतिद्वंद्वी अनएकेडमी को पूरी तरह से शेयर लेनदेन के माध्यम से अधिग्रहित करने के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी के संस्थापकों रॉनी स्क्रूवाला और गौरव मुंजाल ने एक्स पर पोस्ट में इसकी घोषणा की। मुंजाल ने बताया कि प्रस्तावित अधिग्रहण 100 फीसदी शेयर स्वैप के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सौदे का मूल्यांकन लेनदेन पूरा होने और नियामक संबंधी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा।
बयान
दोनों कंपनियों के संस्थापकों ने क्या कहा?
रॉनी स्क्रूवाला ने पोस्ट में लिखा, "अपग्रेड में हमने अनएकेडमी के अधिग्रहण के लिए एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। यह अधिग्रहण पूरी तरह से स्टॉक आधारित है।" दूसरी तरफ गौरव मुंजाल ने कहा कि वे अनएकेडमी के संस्थापक और CEO बने रहेंगे और शिक्षार्थियों को पसंद आने वाले ऑनलाइन शिक्षा उत्पाद बनाने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए काम करेंगे। यह सौदा पिछले एक साल में अनएकेडमी में हुए कई रणनीतिक बदलावों के बीच घोषित किया गया है।
बातचीत
कई महीनों से चल रही थी बातचीत
अपग्रेड कई महीनों से अनएकेडमी के अधिग्रहण को लेकर बातचीत कर रही थी, लेकिन शुरुआती दौर में मूल्यांकन को लेकर मतभेदों के कारण बातचीत रुक गई थी। प्रारंभिक चर्चा में पूरी तरह से स्टॉक डील पर जोर दिया गया था, जिसके तहत अनएकेडमी का मूल्य लगभग 30 करोड़ डॉलर (करीब 2,700 करोड़ रुपये) आंका गया था। यह इसके उच्चतम मूल्य 3.4 अरब डॉलर (करीब 306 अरब रुपये) से 90 फीसदी से अधिक की भारी गिरावट दर्शाता है।