उबर ने भारत से शुरू की इंटर-सिटी बस टिकट सर्विस, जानिए क्या मिलेगा फायदा
क्या है खबर?
राइड-हेलिंग कंपनी उबर ने अपने ऐप पर इंटर-सिटी बस टिकट सेवा शुरू कर दी है। कंपनी ने घोषणा की कि भारत इस सेवा को शुरू करने वाला उसका पहला वैश्विक बाजार बन गया है। इस सेवा को शुरू करने के लिए उसने इक्सिगो की अभिबस के साथ साझेदारी की है। यह नई सुविधा उबर के इंटर-सिटी पोर्टफोलियो का विस्तार करती है, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की बस यात्राओं की योजना बनाने और बुक करने की सुविधा मिलती है।
ऑफर
कंपनी ने लॉन्च किया शुरुआती ऑफर
उबर अपने ग्राहकों को इंटर-सिटी बस की पहली यात्रा पर 25 प्रतिशत (200 रुपये तक) और अगली 3 यात्राओं पर 10 प्रतिशत (100 रुपये तक) की छूट दे रही है। यह लॉन्च भारत में इंटर-सिटी यात्रा क्षेत्र में उबर के निरंतर विस्तार को और मजबूत करता है, जो अब देशभर में 3,000 से अधिक शहरों को आपस में जोड़ती है। इससे महानगरों और छोटे शहरों के बीच कनेक्टिविटी का विस्तार होता है।
बयान
सर्विस को लेकर कंपनी ने क्या कहा?
पिछले साल उबर ने सीमित अवधि के लिए इंटर-सिटी मोटरहोम सेवा भी शुरू की थी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक प्रीमियम विकल्प मिला। उबर के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी प्रवीण नेप्पल्ली नागा ने कहा, "भारत वैश्विक स्तर पर उबर के सबसे महत्वपूर्ण नवाचार केंद्रों में से एक है। यहां की टीमें ऐसी तकनीकें विकसित कर रही हैं, जो विश्व स्तर पर उसके विकास के अगले चरण को गति प्रदान करेंगी।"