
ट्विटर का उड़ती चिड़िया का लोगो हुआ नीलाम, जानिए कितने में बिका
क्या है खबर?
ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय की शोभा बढ़ाने वाला प्रतिष्ठित नीली चिड़िया वाला लोगो 34,375 डॉलर (करीब 29.56 लाख रुपये) में नीलाम हो गया है।
यह नीलामी एलन मस्क द्वारा प्लेटफॉर्म का नाम बदलकर एक्स किए जाने के कुछ महीनों बाद की गई है।
दुर्लभ संग्रहणीय वस्तुओं को बेचने के लिए मशहूर RR ऑक्शन ने 12x9 फीट के 254 किलोग्राम वजनी साइन बोर्ड की बिक्री की पुष्टि की है, लेकिन खरीदार की पहचान का खुलासा नहीं किया।
दुर्लभ सामग्री
इन दुर्लभ वस्तुओं की भी हुई नीलामी
इससे पहले भी एलन मस्क ने ऑफिस फर्नीचर और रसोई के उपकरण सहित ट्विटर की कई यादगार वस्तुएं नीलाम कर चुके हैं।
हाल ही में हुई इस नीलामी में अन्य तकनीकी संग्रहणीय वस्तुओं में एक दुर्लभ ऐपल-1 कंप्यूटर शामिल था, जो 3.75 लाख डॉलर (करीब 322 लाख रुपये) में बिका।
इसके अलावा स्टीव जॉब्स (1976) द्वारा हस्ताक्षरित एपेल चेक 1.12 लाख डॉलर (करीब 96.32 लाख रुपये) और पहली जनरेशन का आईफोन (4GB) 87,514 डॉलर (75.26 लाख रुपये) में नीलाम हुआ।
परिवर्तन
पिछले साल बदला गया था लोगो
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को 2022 में 44 अरब डॉलर (3,784 अरब रुपये) में खरीदा था। स्वामित्व स्थापित करने के बाद उन्होंने इसमें कई बड़े बदलाव किए।
पिछले साल जुलाई में इसका लोगों को बदलकर 'X' कर दिया गया है, जो पहले 'उड़ती हुई चिड़िया' हुआ करता था।
ट्विटर की यह चिड़िया बोस्टन सेल्टिक्स के लैरी बर्ड के नाम पर रखे गए 'लैरी' नाम से मशहूर थी और 2012 से 2023 तक कंपनी का लोगो रही।