तुकाराम मुंडे के FDA ने खाद्य सुरक्षा में AI का किया इस्तेमाल, 12,000 से ज्यादा जांच
क्या है खबर?
कमिश्नर तुकाराम मुंडे की अगुवाई में महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चला गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य का FDA अब निगरानी और कार्रवाई को बेहतर बनाने के लिए AI और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। तकनीक का उद्देश्य अधिकारियों को हटाना नहीं, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाना है। AI से शिकायतों, जांच और पुराने मामलों की जानकारी को एक साथ देखकर जरूरी कार्रवाई पर ध्यान दिया जा सकेगा।
निरीक्षण
तीन महीने में 12,000 से ज्यादा निरीक्षण
महाराष्ट्र FDA ने 1 जून से 31 अगस्त 2026 के बीच खाद्य क्षेत्र में 12,083 निरीक्षण किए।
इस दौरान 37,604 खाद्य और दवा नमूने लिए गए, जबकि 5,269 सुधार नोटिस जारी हुए। विभाग ने 603 खाद्य लाइसेंस भी निलंबित किए और 67.2 करोड़ रुपये का खाद्य स्टॉक जब्त किया। गुटखा मामलों में 644 FIR दर्ज की गईं।
इस कार्रवाई में 19.62 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला जब्त हुआ और खाद्य मामलों में 875 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
शिकायत
शिकायत मिलते ही अधिकारी को मिलेगी जानकारी
FDA का डिजिटल सिस्टम शिकायत मिलने के बाद उसकी जगह और पूरी जानकारी दर्ज कर सकता है।
इसके बाद शिकायत को संबंधित अधिकारी के पास भेजा जा सकता है और कार्रवाई के लिए समय तय किया जा सकता है। तय समय में कदम नहीं उठने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिलेगी।
विभाग निरीक्षण रिपोर्ट, प्रयोगशाला नतीजे, लाइसेंस और पुराने उल्लंघनों की जानकारी को जोड़कर ज्यादा जोखिम वाले उत्पादों और जगहों की पहचान करना चाहता है।
कोशिश
कम स्टाफ में ज्यादा निगरानी की कोशिश
महाराष्ट्र FDA में अभी 1,271 कर्मचारियों के पद मंजूर हैं, जबकि विभाग के रोडमैप में राज्य की जरूरतों के लिए करीब तीन गुना ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत बताई गई है।
ऐसे में AI और डिजिटल सिस्टम को काम आसान करने का जरिया बनाया जा रहा है। तुकाराम मुंडे के अनुसार, तकनीक अधिकारियों की जगह नहीं लेगी, बल्कि उन्हें ज्यादा जानकारी जल्दी उपलब्ध कराएगी।
इससे कर्मचारी उन मामलों पर ज्यादा ध्यान दे सकेंगे, जहां इंसानी जांच और फैसले की जरूरत होगी।