टाइगर ग्लोबल ने बदली अपनी निवेश रणनीति, इंटेल में दोगुनी की हिस्सेदारी
टाइगर ग्लोबल ने अपने निवेश के तरीके में बड़े बदलाव किए हैं। हेज फंड ने अल्फाबेट, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और मेटा जैसी बड़ी कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी कम कर दी है।
इतना ही नहीं यह नेटफ्लिक्स से पूरी तरह बाहर भी हो गया है। हालांकि, उसने सिर्फ अपनी हिस्सेदारी घटाई ही नहीं है। उसने इंटेल में अपना दांव दोगुना कर दिया है, वहीं चिप बनाने वाली कंपनी AMD और स्पेस-X जैसी कंपनियों में पहली बार पैसा लगाया है।
AMD के करीब 3,700 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
टाइगर ने अल्फाबेट के शेयरों में करीब आधा हिस्सा कम किया। इसके अलावा, एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, मेटा, ब्रॉडकॉम और TSMC में भी उसने अपनी हिस्सेदारी घटाई है।
दूसरी तरफ, उसने इंटेल में अपनी हिस्सेदारी 42.5 लाख शेयरों तक पहुंचा दी है, जो कि पहले के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा है। पहली बार उसने 39.20 करोड़ डॉलर (करीब 3,700 करोड़ रुपये) के AMD शेयर खरीदे हैं और लगभग 6.41 करोड़ डॉलर (करीब 600 करोड़ रुपये) के स्पेस-X के 3.75 लाख शेयर भी अपने पोर्टफोलियो में जोड़े हैं। यह सभी बदलाव 30 जून तक के आंकड़ों के अनुसार हैं।