PPF से चाहिए ज्यादा फायदा तो आज ही अपनाएं ये तरीके
क्या है खबर?
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) एक लोकप्रिय निवेश योजना है। लोग वर्षों तक PPF में निवेश करते हैं, लेकिन कई लोगों को ज्यादा ब्याज दिलाने वाले तरीके के बारे में पता नहीं है। अगर, आप सही तरीके से इस सरकारी निवेश स्कीम में पैसा लगाते हैं तो दूसरे लोगों से ज्यादा ब्याज मिल सकता है। आज हम आपको PPF अकाउंट में निवेश का खास नियम और तरीका बता रहे हैं, जिससे आपको ज्यादा रिटर्न मिलेगा।
तारीख
इस तारीख को जमा करें राशि
PPF में ज्यादा रिटर्न पाने के लिए आपको महीने की 5 तारीख से पहले योगदान जमा कराना जरूरी होता है। दरअसल, हर महीने जमा होने वाला ब्याज 5 तारीख को आपके खाते में जमा राशि के आधार पर मिलता है। इसका मतलब है कि आपने पैसा इससे पहले जमा किया तो आपको पूरे महीने का ब्याज मिलेगा। इसके बाद पैसा जमा किया तो उस महीने का ब्याज नहीं मिलेगा। हर महीने ऐसा करते हैं तो आपको बड़ा नुकसान होगा।
अन्य तरीके
ऐसे सालभर मिलेगा अतिरिक्त ब्याज
एकमुश्त निवेश का विचार: अपने PPF अकाउंट में हर महीने समय पर योगदान करने के अलावा अगर, आप पहले से ही एकमुश्त राशि जमा करते हैं तो आप उस राशि पर पूरे साल ब्याज प्राप्त कर सकेंगे। इंटरनेट बैंकिंग का विकल्प: मासिक भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के लिए अपने बैंक से इंटरनेट बैंकिंग ट्रांसफर सुविधा के लिए अनुरोध करने पर विचार करें। इस तरह आप कुछ ही क्लिक में हर महीने समय पर अपनी राशि जमा कर सकते हैं।