LOADING...
TCS करेगी 12,000 कर्मचारियों की छंटनी, जानिए कौन होगा प्रभावित 
TCS एक साल में 12,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी (तस्वीर: एक्स/@TCS_Europe)

TCS करेगी 12,000 कर्मचारियों की छंटनी, जानिए कौन होगा प्रभावित 

Jul 27, 2025
06:23 pm

क्या है खबर?

दिग्गज भारतीय IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के कर्मचारियों के लिए एक बुरी खबर है। कंपनी ने छंटनी का ऐलान किया है। उसकी एक साल में लगभग 12,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की योजना है, जो उसके कुल कर्मचारियों का 2 प्रतिशत है। यह उसकी तेजी से हो रहे बदलावों के बीच भविष्य के लिए तैयार होने की कोशिश है। बता दें कि टाटा समूह की यह कंपनी IT के क्षेत्र में सबसे बड़ी नियोक्ता है।

असर 

ऐसे कर्मचारियों पर पड़ेगा असर 

कंपनी ने ET को बताया, "इसका असर खासकर मध्यम और वरिष्ठ ग्रेड पर पड़ेगा और यह सालभर में जारी रहेगा। जिन प्रभावित कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाएगा, उन्हें नोटिस अवधि का मुआवजा और अतिरिक्त सेवानिवृत्ति लाभ प्रदान किया जाएगा। TCS इससे प्रभावित लोगों को बीमा कवरेज विस्तार और करियर परिवर्तन सहायता प्रदान करने की योजना बना रही है। उसने यह भी कहा, "यह परिवर्तन पूरी सावधानी से योजनाबद्ध किया जा रहा है, ताकि सर्विसेज पर कोई असर न पड़े।

कारण 

इस कारण हो रही छंटनी 

रिपोर्ट के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीकों के कारण जारी आर्थिक अनिश्चितताएं और व्यवधान व्यावसायिक मांगों को प्रभावित कर रहे हैं। इस कारण दुनियाभर की IT कंपनियां छंटनी के साथ नए कर्मचारियों की नियुक्ति में कमी कर रही है। अप्रैल-जून तिमाही में प्रमुख 6 IT कंपनियों ने 3,847 नई भर्तियां कीं, जबकि जनवरी-मार्च में 13,935 भर्तियां हुई थीं। बता दें, टाटा समूह की इस सहायक कंपनी में जून के अंत तक कुल कर्मचारियों की संख्या 6.13 लाख से अधिक थी।