टाटा बना रही हर साल 100 नए वेस्टसाइड स्टोर खोलने की योजना
क्या है खबर?
टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट लिमिटेड अपनी प्रीमियम फैशन चेन वेस्टसाइड का तेजी से विस्तार करने की तैयारी कर रही है। कंपनी अब हर साल करीब 100 नए स्टोर खोलने की योजना बना रही है। फिलहाल कंपनी हर साल केवल 10 से 15 नए स्टोर शुरू करती है। पिछले वित्त वर्ष के अंत तक वेस्टसाइड के देशभर में करीब 300 स्टोर संचालित हो रहे थे, जिनकी संख्या अब तेजी से बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है।
योजना
नए शहरों और राज्यों पर रहेगा ध्यान
कंपनी अब बड़े शहरों के साथ-साथ नए बाजारों में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
इसके तहत उत्तर-पूर्व भारत के राज्यों में भी नए स्टोर खोले जाएंगे। वेस्टसाइड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) ने कहा कि हर साल 100 स्टोर खोलना बड़ा लक्ष्य है, लेकिन कंपनी इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
विस्तार के साथ ग्राहकों को बेहतर खरीदारी का अनुभव देने पर भी जोर रहेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा नए ग्राहक कंपनी से लगातार जुड़ सकें।
उत्पाद
उत्पादों की नई रेंज पर रहेगा जोर
वेस्टसाइड कपड़े, फुटवियर, ब्यूटी उत्पाद, घरेलू सामान और फैशन से जुड़े कई दूसरे उत्पाद बेचती है।
कंपनी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए उत्पादों की बड़ी रेंज और बेहतर स्टोर अनुभव पर काम कर रही है।
साथ ही फैशन से जुड़े नए विकल्प बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि ग्राहक खरीदारी के दौरान अधिक उत्पाद चुनने के लिए प्रेरित हों और बिक्री लगातार बढ़ सके, जिससे कंपनी की बाजार में पकड़ भी और मजबूत हो सके।
निवेश
विस्तार के लिए निवेश और नई तकनीक का सहारा
कंपनी ने इस साल 2,500 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी दी है, जिसका बड़ा हिस्सा नए स्टोर खोलने और कारोबार बढ़ाने में लगाया जाएगा।
इसके साथ ई-कॉमर्स कारोबार और विदेशों में विस्तार की तैयारी भी चल रही है।
उत्पादों की डिजाइन और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए AI का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है, जिससे बदलते फैशन रुझानों के अनुसार तेजी से काम किया जा सके और ग्राहकों की मांग बेहतर ढंग से पूरा किया जा सके।