ताइवान ने गिरते शेयर बाजार को सहारा देने के लिए उठाया कदम, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शेयरों में वैश्विक स्तर पर बिकवाली तेज होने के बीच ताइवान ने अपने शेयर बाजार को स्थिर करने के लिए कदम उठाए हैं। इस दौरान बेंचमार्क सूचकांक TAIEX में 3 दशकों से भी अधिक समय में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गई। फाइनेंशियल सुपरवाइजरी कमीशन (FSC) ने शॉर्ट सेलिंग पर नई पाबंदियां लगाई हैं। इनमें एक यह है कि पिछले दिन के क्लोजिंग भाव से नीचे के भाव पर शॉर्ट सेलिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।
प्रतिबंध
शॉर्ट सेलिंग में न्यूनतम मार्जिन बढ़ाया
ताइवान ने शॉर्ट सेलिंग के लिए न्यूनतम मार्जिन की जरूरत को 130 फीसदी से बढ़ाकर 150 फीसदी कर दिया गया है।
साथ ही सिक्योरिटीज फर्मों की ओर से नए 'पुट वारंट' लिस्ट करने के आवेदनों को फिलहाल रोक दिया है।
ये प्रतिबंध मार्जिन शॉर्ट सेल और उधार लिए गए शेयरों दोनों पर लागू होते हैं। हालांकि, हेजिंग के उद्देश्य से सिक्योरिटीज और फ्यूचर्स फर्मों द्वारा की गई शॉर्ट सेल को इससे छूट मिलेगी।
फंड
सहारा देने के लिए नया फंड उतारा
नवंबर में तीसरी बार है, जब ताइवान ने शॉर्ट-सेलिंग पर अतिरिक्त पाबंदियां लगाई हैं।
ऐसा इसलिए किया है क्योंकि अधिकारी वैश्विक AI ट्रेड के अनवाइंडिंग (समापन) को लेकर बनी चिंताओं के बीच शेयरों में आई गिरावट को थामने की कोशिश कर रहे हैं।
शेयर की कीमतों को सहारा देने के लिए नेशनल फाइनेंशियल स्टेबिलाइजेशन फंड भी बाजार में उतर आया है।
हालांकि, अब तक उठाए कदमों का बाजार में चल रही बिकवाली पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।
गिरावट
शेयरों में कितनी आई गिरावट?
शुक्रवार को TAIEX में 6.2 फीसदी की भारी गिरावट आई, जिससे पूरे सप्ताह में इसका नुकसान 18 फीसदी तक पहुंच गया।
1991 के बाद से यह इसका सबसे खराब साप्ताहिक प्रदर्शन रहा क्योंकि निवेशकों ने टेक्नोलॉजी और AI से जुड़े शेयरों से अपने हाथ खींच लिए।
इस गिरावट ने इंडेक्स की काफी बढ़त को खत्म कर दिया है। TAIEX अब 52-सप्ताह के उच्च स्तर से 27 फीसदी नीचे आ गया और इस साल बढ़त घटकर लगभग 24 फीसदी रह गई।