LOADING...
स्विगी इंस्टामार्ट का कारोबार पड़ा धीमा, ब्लिंकिट जैसी कंपनियों से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा
इंस्टामार्ट की बढ़त में आई कमी

स्विगी इंस्टामार्ट का कारोबार पड़ा धीमा, ब्लिंकिट जैसी कंपनियों से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा

May 11, 2026
09:14 am

क्या है खबर?

स्विगी की जल्दी सामान पहुंचाने वाली सेवा इंस्टामार्ट की रफ्तार वित्त वर्ष-26 की अंतिम तिमाही में धीमी पड़ गई। कंपनी का कारोबार पिछले तीन महीनों में 7,938 करोड़ रुपये से घटकर 7,881 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, पिछले साल इसी तिमाही के मुकाबले कारोबार में 69 प्रतिशत की बढ़त रही। इस दौरान बाजार में मुकाबला काफी तेज रहा। कई बड़ी कंपनियां ज्यादा ग्राहक जोड़ने और तेजी से सामान पहुंचाने की होड़ में लगी हुई हैं।

खर्च

कंपनी ने खर्च संभालने पर दिया जोर

स्विगी के ग्रुप CEO श्रीहर्ष मजेटी ने कहा कि कंपनी सिर्फ तेजी से ऑर्डर बढ़ाने पर ध्यान नहीं दे रही है। कंपनी लंबे समय तक टिकाऊ कारोबार बनाना चाहती है। उनका कहना है कि ज्यादा छूट देकर तुरंत ग्राहक बढ़ाना आसान होता है, लेकिन इससे खर्च भी तेजी से बढ़ता है। स्विगी खर्च और कमाई के बीच संतुलन बनाने पर काम कर रही है, ताकि कारोबार लगातार मजबूत बना रहे और नुकसान कम हो सके।

ऑर्डर

ऑफर बंद होने से कम हुए ऑर्डर

इंस्टामार्ट की धीमी बढ़त की एक बड़ी वजह कुछ खास छूट और ऑफर बंद होना भी माना जा रहा है। कंपनी ने जनवरी, 2026 में बिना अतिरिक्त शुल्क वाला अभियान वापस ले लिया था। इससे ऑर्डर की संख्या पर असर पड़ा। दूसरी तरफ ब्लिंकिट ने इसी दौरान करीब 8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की और उसका कारोबार मुनाफे में पहुंच गया। बाजार में इस समय ब्लिंकिट, जेप्टो, अमेजन, फ्लिपकार्ट और बिगबास्केट जैसी कंपनियों के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है।

Advertisement

तैयारी

50 हजार सामान रखने की तैयारी

स्विगी का कहना है कि इंस्टामार्ट सिर्फ रोजमर्रा का सामान बेचने तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनी ग्राहकों को ज्यादा विकल्प और बेहतर सेवा देने की तैयारी कर रही है। स्विगी के अनुसार, इंस्टामार्ट पर करीब 50 हजार तरह के सामान उपलब्ध कराने की योजना है। कंपनी तेज डिलीवरी और भरोसेमंद सेवा पर भी जोर दे रही है। स्विगी का लक्ष्य जल्दी सामान पहुंचाने वाले बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाना और लंबे समय तक टिकाऊ कारोबार तैयार करना है।

Advertisement