Loading...
AI के कारण SUSE में छंटनी की तैयारी, करीब 190 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी
AI के कारण SUSE में छंटनी की तैयारी

AI के कारण SUSE में छंटनी की तैयारी, करीब 190 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी

Nov 03, 2026
12:01 pm

क्या है खबर?

टेक सेक्टर में कर्मचारियों की छंटनी का सिलसिला जारी है। अब ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर कंपनी SUSE ने भी दुनियाभर में अपने कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना बनाई है। कंपनी करीब 10 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। SUSE में लगभग 1,900 कर्मचारी काम करते हैं, ऐसे में इस फैसले से करीब 190 लोगों की नौकरी प्रभावित होने की आशंका है। कंपनी के CEO डर्क-पीटर वैन लीउवेन ने इस बात की जानकारी दी है।

वजह

AI और ऑटोमेशन को बताया छंटनी की वजह

कंपनी के CEO ने कर्मचारियों को भेजे मैसेज में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन के बढ़ते इस्तेमाल से सॉफ्टवेयर कंपनियों के काम करने का तरीका बदल रहा है।

अब कुछ टीमें पहले के मुकाबले कम कर्मचारियों के साथ ज्यादा काम कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी का मौजूदा ढांचा और खर्च भविष्य की जरूरतों के मुताबिक नहीं है।

ऐसे में SUSE को अपने कामकाज में बदलाव करना और कुछ पदों की संख्या घटाना जरूरी हो गया है।

विकल्प

प्रभावित कर्मचारियों को नवंबर में मिलेगी जानकारी

SUSE ने सितंबर में लंबे समय से कंपनी के साथ काम कर रहे कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया था।

हालांकि, इस योजना में पर्याप्त कर्मचारियों ने हिस्सा नहीं लिया। अब कंपनी ने छंटनी का फैसला किया है। प्रभावित कर्मचारियों को 4 नवंबर तक इसकी जानकारी दी जा सकती है।

इसके बाद कर्मचारी प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा और अगले हफ्ते से कर्मचारियों के साथ अलग-अलग बैठकें शुरू होने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENT

निवेश

AI से जुड़े काम में निवेश जारी रखेगी कंपनी

SUSE ने छंटनी की योजना के बावजूद AI से जुड़े काम में निवेश जारी रखा है।

कंपनी ने 2025 में इस क्षेत्र में निवेश बढ़ाया था और 27 अक्टूबर को अपने लिनक्स प्रबंधन उपकरणों के लिए AI आधारित नई सुविधाओं की घोषणा की। कंपनी 16 नवंबर को कर्मचारियों के सामने वित्त वर्ष 2027 की रणनीति रखेगी।

Layoffs.fyi के अनुसार, 2026 में अब तक 340 से ज्यादा तकनीकी कंपनियों में 1.37 लाख से अधिक कर्मचारियों की नौकरी जा चुकी है।

ADVERTISEMENT