LOADING...
सन फार्मा 1,100 अरब रुपये में अमेरिका की हेल्थकेयर कंपनी ऑर्गनॉन का करेगी अधिग्रहण
सन फार्मा अमेरिका की हेल्थकेयर कंपनी ऑर्गनॉन का करेगी अधिग्रहण

सन फार्मा 1,100 अरब रुपये में अमेरिका की हेल्थकेयर कंपनी ऑर्गनॉन का करेगी अधिग्रहण

Apr 27, 2026
09:13 am

क्या है खबर?

भारत की बड़ी दवा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अमेरिका की हेल्थकेयर कंपनी ऑर्गनॉन एंड कंपनी को खरीदने का फैसला किया है। यह डील भारत की बड़ी विदेशी खरीद में गिनी जा रही है। कंपनी हर शेयर के लिए 14 डॉलर नकद देगी। इस आधार पर ऑर्गनॉन की कुल एंटरप्राइज वैल्यू करीब 11.75 अरब डॉलर (लगभग 1,100 अरब रुपये) आंकी गई है, जिससे यह सौदा फार्मा सेक्टर में काफी अहम माना जा रहा है।

फंडिंग

कैसे होगी फंडिंग और कब पूरी होगी डील?

सन फार्मा इस खरीद के लिए अपने पास मौजूद नकद रकम और बैंकों से लिए गए फाइनेंस का इस्तेमाल करेगी। इस डील को दोनों कंपनियों के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। हालांकि, अभी कुछ रेगुलेटरी मंजूरी और शेयरहोल्डर्स की सहमति बाकी है। कंपनी को उम्मीद है कि यह पूरा सौदा 2027 की शुरुआत तक पूरा हो जाएगा, जिससे कंपनी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार और मजबूत होगा और नए बाजारों में पकड़ बढ़ेगी।

स्थिति

ऑर्गनॉन की स्थिति और दिलचस्पी

ऑर्गनॉन एंड कंपनी का मार्केट कैप करीब 3 अरब डॉलर (लगभग 280 अरब रुपये) है और उस पर लगभग 8.8 अरब डॉलर (लगभग 830 अरब रुपये) का कर्ज भी है। यह कंपनी 2021 में मर्क एंड कंपनी से अलग हुई थी। इस डील में जर्मनी की ग्रुनेंथल और कुछ प्राइवेट इक्विटी फर्मों ने भी दिलचस्पी दिखाई थी। इसके बावजूद सन फार्मा ने यह सौदा अपने नाम किया, जिससे कंपनी की वैश्विक पहचान और भी मजबूत होने की उम्मीद है।

Advertisement

योजना

महिलाओं की हेल्थ पर फोकस बढ़ेगा

सन फार्मा भारत की सबसे बड़ी दवा कंपनी है, जिसकी मार्केट वैल्यू करीब 41 अरब डॉलर (लगभग 3,860 अरब रुपये) है। ऑर्गनॉन महिलाओं की हेल्थ से जुड़े क्षेत्रों में काम करती है, जैसे ब्रेस्ट कैंसर, गर्भनिरोधक, हड्डियों की बीमारी और मेनोपॉज। इस खरीद के बाद सन फार्मा का फोकस इन खास क्षेत्रों में और बढ़ेगा, जिससे कंपनी को नए प्रोडक्ट और रिसर्च में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और हेल्थकेयर सेक्टर में उसकी पकड़ मजबूत होगी।

Advertisement