Page Loader
2,000 रुपये से सुब्रत रॉय ने खड़ा किया था अपना साम्राज्य, इतनी थी उनकी संपत्ति
सुब्रत रॉय का जन्म बिहार में हुआ था

2,000 रुपये से सुब्रत रॉय ने खड़ा किया था अपना साम्राज्य, इतनी थी उनकी संपत्ति

Nov 15, 2023
10:27 am

क्या है खबर?

सुब्रत रॉय सहारा भारत के जाने-माने व्यवसायी और सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक और प्रबंधक निदेशक थे। उनका जन्म 10 जून, 1948 को बिहार के अररिया में एक बंगाली हिंदू परिवार में हुआ था। कोलकाता के होली चाइल्ड इंस्टीट्यूट से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने गोरखपुर के एक सरकारी तकनीकी संस्थान में दाखिला लिया और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद उन्होंने अपना पहला व्यवसाय भी गोरखपुर में ही शुरू किया।

करियर

सुब्रत रॉय का करियर

अपने पिता की मृत्यु के बाद रॉय को युवावस्था के दौरान कठोर परिस्थितियों के कारण अपने स्कूटर पर गोरखपुर में नमकीन और बिस्कुट बेचने के लिए मजबूर होना पड़ा। 1978 में जब उन्होंने सहारा लॉन्च की, तब उनकी जेब में सिर्फ 2,000 रुपये थे। उन्होंने अपने समूह का मुख्यालय लखनऊ में स्थापित किया और सहारा अस्पताल, मॉल और कई अन्य का निर्माण करवाया। इसके बाद उन्होंने भारत के साथ-साथ विदेश में भी अपनी संपत्ति बनाई।

संपत्ति

सुब्रत राय की संपत्ति

सहारा ने लखनऊ के अलावा कानपुर, गोरखपुर, हैदराबाद, भोपाल, कोच्चि, गुड़गांव और पुणे समेत अन्य शहरों में आवासीय योजनाएं शुरू की। वर्तमान में कंपनी की हिस्सेदारी में वित्तीय सेवाएं, रियल एस्टेट, शिक्षा, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा और बहुत कुछ शामिल हैं। लंदन में प्रसिद्ध ग्रोसवेनर हाउस होटल को भी 2010 में सहारा ने अधिग्रहित किया। रॉय एक समय भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के प्रायोजक थे। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी अनुमानित संपत्ति 24,922 करोड़ रुपये थी।