LOADING...
शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 1,400 अंक चढ़ा; जानिए तेजी की वजह
शेयर बाजार में जोरदार उछाल

शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 1,400 अंक चढ़ा; जानिए तेजी की वजह

Apr 15, 2026
10:13 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (15 अप्रैल) बड़ी बढ़त देखने को मिल रही है। बुधवार को बाजार खुलने की कुछ देर बाद सेंसेक्स में करीब 1,400 अंकों का उछाल दर्ज किया गया है। सेंसेक्स 1,400 अंक बढ़कर 78,270 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 400 अंक से ज्यादा बढ़कर 24,281 के स्तर पर आ गया। इस बढ़त से निवेशकों को कुछ देर में ही 9 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, जिससे बाजार में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

वैश्विक तनाव

वैश्विक तनाव में कमी और तेल सस्ता

बाजार में इस तेजी की एक बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीद है, जिससे तनाव कम हुआ है। इसके साथ ही, कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर से नीचे आकर करीब 94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी तेल करीब 90 डॉलर के आसपास है। इससे खर्च घटने की उम्मीद बनी और बाजार का भरोसा मजबूत हुआ।

वैश्विक बाजार

दुनियाभर के बाजारों से मिला सहारा

वैश्विक बाजारों से मिले अच्छे संकेतों ने भी भारतीय बाजार को ऊपर चढ़ने में मदद की है। एशिया में कई बड़े शेयर बाजारों में 1 से 3 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं अमेरिका के बाजार भी मजबूत रहे, जहां प्रमुख इंडेक्स में 1 से 2 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज हुई। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और भारत में भी खरीदारी तेज हुई, जिसका असर सभी सेक्टरों में साफ नजर आया।

Advertisement

रुपया मजबूत

रुपया मजबूत और टेक्निकल सपोर्ट का असर

रुपये में मजबूती भी बाजार के लिए सकारात्मक रही, जो 12 पैसे बढ़कर 93.23 प्रति डॉलर पर पहुंच गया है। इसके अलावा, तकनीकी स्तर पर भी बाजार को सपोर्ट मिला है। निफ्टी 24,100 के स्तर को पार कर आगे बढ़ा, जिससे नई तेजी का संकेत मिला। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई, जिससे साफ है कि बाजार में हर तरफ खरीदारी का माहौल बना हुआ है।

Advertisement