शेयर बाजार में 600 अंक उछला सेंसेक्स, क्या है तेजी की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन आज (3 अगस्त) तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों मजबूत बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। दोपहर करीब 01:30 बजे सेंसेक्स 621 अंक बढ़कर 78,715 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 205 अंक चढ़कर 24,589 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। बाजार में निवेशकों का भरोसा मजबूत दिख रहा है और खरीदारी का माहौल दिखाई बना हुआ है।
#1
कच्चे तेल और विदेशी निवेश से मिला सहारा
आज भारतीय शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी रही।
ब्रेंट क्रूड करीब 4.97 प्रतिशत गिरकर 83.56 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। जुलाई के दौरान विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 20,199 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया।
इसके अलावा, डेट बाजार में भी 29,211 करोड़ रुपये का मजबूत निवेश लगातार दर्ज किया गया है।
#2
वैश्विक संकेतों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ बातचीत फिर शुरू होने के संकेत मिलने के बाद वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना।
इससे निवेशकों को भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद मिली। एशियाई बाजारों में भी बढ़त देखने को मिली, जबकि अमेरिकी बाजार पहले ही मजबूती के साथ बंद हुए थे।
इसी सकारात्मक माहौल का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया और अधिकतर सेक्टर हरे निशान में मजबूती के साथ कारोबार करते रहे।
#3
अधिकांश सेक्टर में रही तेजी
आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 31 पैसे मजबूत होकर 95.12 पर पहुंच गया।
विदेशी निवेश, बढ़ते विदेशी मुद्रा भंडार और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के समर्थन को इसकी प्रमुख वजह माना गया। बाजार में फार्मा इंडेक्स को छोड़कर लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
निफ्टी मिडकैप 100 में 0.84 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.08 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और निवेशकों का उत्साह भी बढ़ा है।