LOADING...
शेयर बाजार होली के मौके पर आज बंद, कल खुलेगा या नहीं?
शेयर बाजार होली के मौके पर आज बंद

शेयर बाजार होली के मौके पर आज बंद, कल खुलेगा या नहीं?

Mar 03, 2026
10:22 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को होली के त्योहार के कारण पूरी तरह बंद हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने 3 मार्च को आधिकारिक अवकाश घोषित किया है। आज इक्विटी, डेरिवेटिव्स और सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग जैसे सभी सेगमेंट में कोई भी खरीद-बिक्री नहीं होगी। यानी निवेशक आज शेयर नहीं खरीद सकते और न ही बेच सकते हैं। बाजार से जुड़ी सभी सामान्य गतिविधियां आज के लिए पूरी तरह रुकी हुई हैं।

कारोबार

कल से फिर शुरू होगा कारोबार

बुधवार से बाजार सामान्य समय पर फिर खुल जाएगा और रोज की तरह ट्रेडिंग होगी। भले ही देश के कुछ राज्यों में 4 मार्च को भी होली मनाई जा रही है, लेकिन एक्सचेंज ने उस दिन अलग से छुट्टी घोषित नहीं की है। कमोडिटी बाजार में MCX सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा, लेकिन शाम के सत्र में 5 बजे के बाद दोबारा खुलेगा। वहीं NCDEX में पूरे दिन कोई कारोबार नहीं होगा।

गिरावट

छुट्टी से पहले बाजार में आई गिरावट

सोमवार को छुट्टी से पहले बाजार में तेज और अचानक गिरावट देखने को मिली थी। निफ्टी 50 इंडेक्स 312 अंक यानी 1.24 प्रतिशत गिरकर 24,865 पर बंद हुआ। BSE सेंसेक्स 1,048 अंक टूटकर 80,238 पर आ गया। दिन के दौरान दोनों इंडेक्स में 2 प्रतिशत से ज्यादा की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी 1.7 से 1.9 प्रतिशत तक कमजोरी देखने को मिली और कई शेयर लाल निशान में बंद हुए।

Advertisement

बहस

छुट्टी की तारीख को लेकर बहस

इस बार बाजार की छुट्टी की तारीख को लेकर सोशल मीडिया और ट्रेडर्स के बीच बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों का कहना है कि कई राज्यों में होली 4 मार्च को मनाई जा रही है, तो बाजार 3 मार्च को क्यों बंद है। कुछ ने 4 मार्च को ट्रेडिंग का बहिष्कार करने की अपील भी की है। रिजर्व बैंक के अवकाश कैलेंडर में अलग-अलग राज्यों के लिए अलग तिथियां दी गई हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई है।

Advertisement